ग्वालियर में व्यापारी दंपती पर हमला, घर में घुसे बदमाश ने सीने में गोली मारी

ग्वालियर. आधी रात को कारोबारी के घर में घुसे नकाबपोश बदमाश ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली व्यापारी के सीने में लगी है। वो बचने के लिए अंदर भागे तो बदमाश ने आधे खुले गेट से हाथ डालकर दो गोलियां और चला दीं। इससे व्यापारी की पत्नी भी घायल हो गईं। घटना के बाद बदमाश बाहर से कुंडी लगाकर भाग गया। व्यापारी और उनकी पत्नी अस्पताल में भर्ती हैं। व्यापारी की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस इस मामले में समाधिया कॉलोनी से एक परिहार परिवार के दो लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को परिहार परिवार के एक लड़के पर शक है। उसका व्यापारी की बेटी से मिलना-जुलना था। व्यापारी की बेटी थाने में बैठी रो रही है।

सोनिया ने बताई पूरी घटना
जनकगंज में झूलेलाल कॉलोनी निवासी राजेश वाधवानी अपने बड़े भाई के साथ तिल्ली का कारोबार करते हैं। राजेश सोमवार पत्नी सोनिया के साथ कमरे में सो रहे थे। दूसरे कमरे में उनके माता-पिता और दो बच्चे सो रहे थे। सोनिया ने बताया कि रात करीब 2 बजे थे अचानक घर में आहट हुई। पति (राजेश वाधवानी) देखने बाहर गए तो एक नकाबपोश ने बिना कोई बात किए उन पर गोली चला दी। गोली उनके सीने में लगी, फिर भी वह जान बचाने अंदर भागे। तभी बदमाश दौड़कर आया और दरवाजे में हाथ डालकर दो और फायर कर दिए। छर्रे मेरे हाथ में भी लगे हैं। हमलावर कौन था और उसने क्यों हमला किया यह हम नहीं जानते। हमारी किसी से दुश्मनी भी नहीं है। लेनदेन भी नहीं है। बदमाश इतना शातिर था कि भागने के बाद बाहर से कुंडी लगा गया। घटना के समय घर में व्यापारी राजेश वाधवानी, उनकी पत्नी सोनिया वाधवानी, बेटी खुशी (16), बेटा सार्थक (10), व्यापारी के पिता गोविंद राम (90) और मां भाग्यादेवी (85) थे। गोली की आवाज सुनते ही दूसरे कमरे में सो रहे माता-पिता और बच्चे बाहर आए तो दंपती की हालत देखकर रोने-चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आस-पास के लोग भी मौके पर पहुंचे और कुंडी खोलकर उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर घायल दंपती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

व्यापारी की हालत गंभीर
घटना के बाद अस्पताल पहुंचने में जितना समय लगा उसमें कारोबारी राजेश के शरीर से काफी खून बह गया। इस कारण व्यापारी की हालत बेहद गंभीर है। उसकी गंभीर हालत देखकर डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन शुरू कर दिया है। वहीं, सोनिया खतरे से बाहर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *