ग्वालियर में जीएसटी पर व्यापारियों का आक्रोश, बोले- अब आंदोलन होगा

ग्वालियर. 8 अक्टूबर 2021 को सीजीएसटी की टीमों ने जिन चार कोल्ड स्टोरेजों पर छापा मारा था,उनका माल अभी तक नहीं छोड़ा गया है। यही कारण है कि कारोबारियों का त्योहार तो खराब हुआ साथ ही अब मुसीबत और बढ़ गई है। एक महीने से ज्यादा का समय हो गया है और कारोबारियों का माल नहीं छूटा तो सब्र का बांध टूट गया। आखिरकार चैंबर आफ कामर्स भी व्यापारियों के समर्थन में आ गया है। सोमवार को 200 से ज्यादा कारोबारी चैंबर भवन में एकत्रित हुए और चैंबर पदाधिकारियों के साथ चर्चा हुई। कारोबारियों ने अपनी पीड़ा बताई और कहा कि सीजीएसटी के साथ-साथ कोल्ड स्टोरेज संचालक भी परेशान कर रहे हैं। अब 17 नवंबर को ग्वालियर प्रवास पर आ रहे सीजीएसटी के प्रधान आयुक्त राजेश पुरी से इस संबंध में चैंबर व व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल मिलेगा और शिकायत करेगा। व्यापारियों ने कहा कि अगर सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञात रहे कि सेंट्रल जीएसटी की टीम ने ग्वालियर के चार कोल्ड स्टोरेज पवन अग्रवाल का सरोज कोल्ड, भाजपा नेता राकेश मंगल का आरबीएस कोल्ड, हेमंत गुप्ता का सुदर्शन कोल्ड और जितेंद्र गुप्ता के प्रकाश कोल्ड पर छापेमार कार्रवाई की थी। पांच टीमों में पचास करीब अधिकारी व सुरक्षाकर्मी शामिल रहे, जिन्होंने बारीक पड़ताल की थी। कोल्ड स्टोरेजों में रखे माल का जीएसटी स्लैब के आधार पर आकलन किया गया कि कौन का उत्पाद जीएसटी दायरे में आता है या नहीं। वहीं कोल्ड स्टोरेज जीएसटी में पंजीकृत भी नहीं मिले थे। बताया गया है कि कोल्ड स्टोरेजों में सबसे ज्यादा पिपरमेंट का स्टाक मिला था जिसको लेकर कोल्ड स्टोरेज संचालक से लेकर व्यापारी तक चुप्पी साधे रहे थे।

चैंबर अध्यक्ष विजय गोयल व सचिव प्रवीण अग्रवाल ने बताया कि व्यापारियों पर टैक्स के लक्ष्य के लिए की गई कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब प्रधान आयुक्त से मुलाकात की जाएगी। इस प्रतिनिधि मंडल में गोकुल बंसल, मनीष बांदिल, श्याम बंसल, वेदप्रकाश गोयल, ओम प्रकाश गुप्ता, विनोद गर्ग, दिलीप पंजवानी व योगेश गोयल शामिल रहेंगे। बैठक में कारोबारियों ने बताया कि दालें व सभी टैक्स फ्री आयटम जिन पर जीएसटी लागू नहीं है, उनको भी जब्त करके रखा गया है। जो जब्त माल पर जीएसटी पहले ही दिया जा चुका है, उसको भी छोड़ा नहीं जा रहा है। जब जीएसटी लागू नहीं था उस समय का माल भी कोल्ड में रखा हुआ है तो उसे तत्काल छोड़ा जाए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *