ट्रक ड्रायवर के पॉजिटिव मिलने से पिछोर में आज टोटल लॉकडाउन
ग्वालियर. जिले में 12 दिन से कोरोना का कोई मरीज नहीं मिला था यदि 2 दिन ओर निकल जाते तो जिला ग्रीन जोन में आ गया होता जिससे लॉकडाउन में काफी राहत मिल सकती थी मगर इसी बीच सोमवार को पिछोर के एक ट्रक ड्रायवर की रिपोर्ट पाजिटिव आने से खुशियां चौखट से लौट गई है। ये मरीज पिछोर का रहने वाला है लेकिन जब टीम ने इसे डबरा जाने के लिए कहा तो यह भागकर लखनपुर अपने भाई के यहां चला गया था ऐसे में ट्रक ड्रायवर की एक गलती के कारण अब पिछोर व लखनपुर पर कोरोना का खतरा मंडराने लगा है।
पिछोर में टोटल लॉकडाउन
प्रशासन ने मंगलवार को पिछोर में टोटल लॉकडाउन की घोषणा कर दी है वहीं रात में ही टीम लखनपुर पहुंची। यह ट्रक ड्रायवर फरीदाबाद से ट्रक लेकर 15 अप्रैल को अपने घर पिछोर जिला ग्वालियर पहुंचा था। आसपास के लोगों को जब पता चला तो सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 16 को ट्रक ड्रायवर की स्क्रीनिंग की और उसे डबरा ले चलने की बात कही गई। यह सुनते ही ट्रक ड्रायवर वहां से भागकर अपने भाई व पिता के लखनपुर स्थित निवास पर पहुंच गया। यहां पर भाई का पूरा परिवार रहता है साथ ही ट्रक ड्रायवर की कुछ जमीन भी है। काफी खोजबीन के बाद जब पता चला कि ट्रक ड्रायवर लखनपुर में है तो टीआई को भेजकर ट्रक ड्रायवर को बुलाया गया।
डॉक्टरों ने फोन पर प्रशासन को रिपोर्ट पॉजिटिव होने की सूचना दी
तहसीलदार का कहना था कि ट्रक ड्रायवर होने के कारण कई राज्यों में आया गया होगा इसलिए सैंपलिंग कराना जररूरी है इसके बाद उसे ट्रक ड्रायवर को शाम तक डबरा पहुंचा दिया गया मगर एक गाड़ी में कई लोग जा रहे थे इसलिए इसको 18 अप्रैल को अलग से मारूति वैन से ग्वालियर भेजा गया। जहां विधिचंद धर्मशाला के कमरा नंबर 217 में क्वारंटाइन कराकर सैंपलिंग की गई थी। सोमवार को जीआर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने फोन पर प्रशासन को ट्रक ड्रायवर की रिपोर्ट पॉजिटिव होने की सूचना दी है हालांकि अधिकृत रिपोर्ट मंगलवार को प्राप्त होगी। पॉजिटिव मरीज की सूचना मिलते ही प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।
