ग्वालियर में बिजली कंपनी नियमित बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को प्रिमियम सेवा देगी
ग्वालियर. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी अपने उन उपभोक्ताओं के लिए प्रीमियम सेवा शुरू करने जा रही है, जो नियमित बिल भर रहे हैं। प्रीमियम सेवा के तहत चिह्नित उपभोक्ताओं की शिकायत पहले सुनी जाएगी। जब इनकी शिकायत का निराकरण होने के बाद डिफाल्टर की शिकायत सुनेंगे। जनवरी 2022 से यह सेवा शुरू की जाएगी। यह जानकारी मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक गणेश शंकर मिश्रा ने दी। मंगलवार को मिश्रा ने भिंड-मुरैना की विद्युत प्रहरी योजना का कार्य देखने के बाद ग्वालियर में अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति बिल भर रहा है और एक चोरी कर रहा है। चोरी करने वाला का भार बिल भरने वाले के ऊपर टैरिफ के रूप में आता है। इस पर रोक लगाने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। भिंड व मुरैना में विद्युत प्रहरी योजना का काम दिया है। इसकी शुरुवात की गई है। परिणाम आने में समय लगेगा। प्रबंध संचालक ने शहर की बिजली वितरण व्यवस्था, राजस्व वसूली की समीक्षा की। पिछले पांच महीने में लाइन लास में गिरावट आई है। समीक्षा बैठक में मुख्य महाप्रबंधक राजीव गुप्ता, महाप्रबंधक विनोद कटारे सहित उपमहाप्रबंधक मौजूद थे।
ऐसे मिलेगी प्रीमियम सेवा
बिल भरने वाले उपभोक्ता को अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड कराना होगा। उपाय एप, बिजली कंपनी की वेबसाइट व मीटर रीडर के माध्यम से रजिस्टर्ड कर सकते हैं। उसके 12 महीने के बिल भरने के रिकार्ड को देखा जाएगा। उसके आधार पर प्रीमियम उपभोक्ता के रूप में दर्ज हो जाएगा। प्रीमियम उपभोक्ता की बिजली में सुधार पहली प्राथमिकता रहेगी। यदि उस उपभोक्ता को किसी भी तरह की शिकायत रहती है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर लगाया जाएगा।
गलत बिल जारी हुआ तो हर्जाना भी दिया जाएगा
प्रबंध संचालक ने कहा कि कंपनी की भी एक जिम्मेदारी तय की जा रही है। यदि किसी उपभोक्ता को गलत बिल दिया गया है। जांच में पाया जाता है कि उपभोक्ता को गलत बिल मिला है तो उस उपभोक्ता को हर्जाने देने की व्यवस्था की जा रही है। स्मार्ट मीटर लगाने के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। ग्वालियर व भोपाल रीजन में करीब 10 लाख मीटर लगाए जाएंगे। इस मीटर में प्रीपेड फंक्शन रहेगा।
