दतिया महोत्सव का आगाज, कुमार विश्वास बोले माई की कृपा से हम और आप आज एक-दूसरे को देख रहे हैं
दतिया. तीन दिवसीय दतिया महोत्सव के रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार को हुई, इस दौरान मंच पर प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और कवि कुमार विश्वास सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कोई दीवाना कहता है कोई पागल समझता है से कुमार विश्वास की सुमधुर पंक्तियों से दतिया महोत्सव का आगाज स्थानीय स्टेडियम ग्राउंड पर किया गया। वहीं विश्वास ने कोरोना महामारी को लेकर कहा कि माई के कृपा से हम और आप वो लोग है जो आज एक-दूसरे को देख रहे हैं। इससे पहले कुमार विश्वास मां पीतांबरा मंदिर पहुंचे और पीतांबरा माई के दर्शन किए। इसके बाद वनखंडेश्वर महादेव गए और वहां पूजा-अर्चना की। मंच पर प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित अन्य कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
स्थानीय स्टेडियम लोगों से खचाखच भरा
मंच पर पहुंचते ही कुमार विश्वास ने गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की चुटकी लेना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि जो सरकार गिरा दे, अब कांग्रेस नेता कमलनाथ जी को अब इनके बुरे सपने भी नहीं आते हैं। मंच पर कविता पाठ की शुरुआत के साथ ही कुमार विश्वास ने संगीत पर अन्य कवित्री और गायिका के साथ अपनी पार्टी के माध्यम से कविताओं की सुंदर प्रस्तुति देकर दतिया महोत्सव का आगाज किया। इस दौरान स्थानीय स्टेडियम लोगों से खचाखच भरा हुआ था। कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की एकम को जहां सर्दी ने अपने तेवर दिखाने शुरू किए। वहीं विश्वास की मधुर कविताओं ने भी धीरे-धीरे अपना समां बांधना शुरू कर दिया। कार्यक्रम में स्वागत परंपराओं के बाद जो दौर चला उससे श्रोताओं को खूब हंसाया। इस दौरान गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी कुछ शेरो शायरी वाले अंदाज में चुटकुले और अपने साहित्यिक सूझबूझ का प्रदर्शन मंच पर बखूबी किया।
