मुरैना के कछुओं की तस्करी के रूट का खुलासा, तिलकधारी कछुए की मर्सिडीज-ट्रक-ट्रेन से इंटरनेशनल तस्करी
मुरैना. थाईलैंड पुलिस ने भारत सरकार से एक कछुआ तस्कर के प्रत्यर्पण की मांग की है। यह तस्कर मुरैना में चंबल नदी में पाए जाने वाले तिलकधारी कछुए की तस्करी करता है। ये शख्स चेन्नई का रहने वाला मनीवन्नन है, जो इन दिनों मप्र की सागर जेल में बंद है। अब बात इस विशेष कछुए के तस्करी रूट की। ये कछुआ नदी से बाहर निकलने के बाद 200 रु. में बिकता है, जिसे विदेशों में डेढ़ लाख रु. में बेचा जाता है।
तस्करी के इस रूट का खुलासा एसटीएफ वाइल्ड लाइफ की जांच में हुआ
तस्करों को इनकी पहली डिलीवरी ग्वालियर-आगरा में होती है, जहां से इन्हें शिकोहाबाद, लखनऊ, कानपुर से मर्सिडीज जैसी महंगी कारों, ट्रक या फिर ट्रेन से कोलकाता पहुंचाते हैं। यहां से तस्कर अलग-अलग रास्तों से इन्हें बांग्लादेश, श्रीलंका, हांगकांग, चीन, मलेशिया पहुंचाते हैं। तस्करी के इस रूट का खुलासा एसटीएफ वाइल्ड लाइफ की जांच में हुआ है। एसटीएफ के मुताबिक इन कछुओं की तस्करी का नोडल सेंटल कोलकाता है। चंबल से कछुए निकालकर उन्हें खरीदने और तस्करों तक डिलीवर करने के लिए 25 से 30 हजार रु. महीने के वेतन पर कई बेरोजगारो को रखा गया है। ये लोग श्योपुर, मुरैना, ग्वालियर, आगरा से आते हैं और कोलकाता तक कछुए पहुंचाने की जिम्मेदारी इन्हीं की है।
घड़ियाल ईको सेंटर देवरी से चुराए जाते हैं तिलकधारी कछुए
वन अफसरों ने बताया कि मुरैना में चंबल नदी पर देवरी में बने घड़ियाल ईको सेंटर से तिलकधारी कछुओं को अवैध रूप से चुराया जाता था। यह काम सेंटर का मछली ठेकेदार कैलाशी उर्फ चच्चा उर्फ छउआ करता था। कैलाशी जब ईकोसेंटर में घड़ियालों के लिए खाना (मछलियां – फीड्स) डालने जाता था, तभी वह नदी में जाल डालकर ताल तिलकधारी कछुओं को भी पानी में से निकाल लेता था। ईको सेंटर में घड़ियालों के लिए मछली डालने का जिम्मा कैलाशी का होने के कारण उसका यहां बेरोकटोक आना – जाना था। इसके अलावा चंबल नदी से लाल तिलकधारी कछुए को नदी के अलग – अलग किनारों से तस्कर निकालते हैं।
