दीपावली पर बाजार हुआ गुलजार, भीड़ के कारण महाराज बाड़ा पर हर रास्ता हुआ जाम, आतिशबाजी की बंपर बिक्री

ग्वालियर. कोरोना का दंश हर किसी ने झेला, जिसके बाद इस साल की दीपावली लोगों के जीवन में नई रोशनी बिखेरने के लिए आई है। गुरुवार को शहर में हर्षोल्लास के साथ दीपोत्सव मनाया जा रहा है। दीपावली को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। यही कारण है कि नवरात्र से शुरू हुआ बंपर व्यापार लगातार बेहतरी की ओर बढ़ रहा है। मंगलवार को धनतेरस पर आटोमोबाइल, बर्तन आदि का बंपर व्यापार हुआ। वहीं बुधवार को भी शहर के बाजारों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। टोपी बाजार, नजर बाग मार्केट, सुभाष मार्केट, गांधी मार्केट, दौलतगंज व सराफा बाजार समेत संपूर्ण बाड़े पर अत्याधिक भीड़ बुधवार को सुबह से देर रात तक रही। हजीरा व मुरार स्थित विभिन्न बाजारों में भी ऐसा ही हाल रहा। सबसे अधिक कपड़े, इलेक्ट्रानिक्स, ज्वैलरी व घर को सजाने के लिए झालर आदि की जमकर बिक्री हुई। वहीं लोगों ने दीपावली पूजन के लिए दीपक, खील, बतासे, माता लक्ष्मी का पन्ना, रुई की बाती समेत विभिन्न पूजन में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी खरीदी।

शहर में कई स्थानों पर अवैध रूप से पटाखों की बिक्री हो रही
वहीं ग्वालियर व्यापार मेला परिसर स्थित अतिशबाजी मेले में लोगों की भीड़ लगी रही। हर कोई आतिशबाजी को लेकर काफी उत्साहित दिखाई दिया। एमआरपी पर 70 प्रतिशत तक की छूट पटाखों पर दी जा रही थी। बड़ी संख्या में लोग अपने बच्चों के साथ अतिशबाजी मेले में पहुंचे, जहां उन्हें उनकी पसंद की फुलझड़ी, अनार, चकरी आदि पटाखे दिलाए। मेला मैदान में 300 पटाखों की दुकान लगी हैं, जिनमें से ज्यादातर पर देर रात तक भीड़ लगी रही। अतिशबाजी फुटकर विक्रेता संघ के कोषाध्यक्ष पंकज जयसवाल ने का कहना है कि मेले में लगी दुकानों से इस साल दीपावली पर करीब 3 करोड़ के पटाखे बिकने की उम्मीद है। यह बिक्री 7 करोड़ तक हो सकती थी। मगर शहर में कई स्थानों पर अवैध रूप से पटाखों की बिक्री हो रही है। गिरवाई में लोकल पटाखे सस्ते में बिक रहे हैं। जिसके कारण मेला मैदान तक ग्राहक उतने नहीं आ रहे जितने आने चाहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *