सीएम शिवराज ने की घोषणा, मप्र में भी घटेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम
भोपाल. मध्य प्रदेश में दीपावली के दिन से पेट्रोल और डीजल के दाम घटाने का फैसला लिया है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा कि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डीजल और पेट्रोल के रेट ऐतिहासिक रूप से कम किए हैं। एक्साइज ड्यूटी घटाकर जनता को राहत देने के उनके फैसले के लिए मैं उनका हृदय से अभिनंदन करता हूं। मध्य प्रदेश में भी डीजल पेट्रोल के दाम और कम करने के लिए रेट घटाने का हमने फैसला किया है, जो आज दीपावली के दिन से ही लागू होगा।
पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतें से आम जनता को राहत देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा 3 नवंबर को की गई एक्साइज ड्यूटी में कमी के बाद प्रदेश में प्रति लीटर पेट्रोल की कीमत लगभग रु 119 से घट कर रु 112 तथा प्रति लीटर डीजल की कीमत लगभग रु 108 से घट कर रु 95 हो गई थी। मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश की जनता को और राहत देने के लिए पेट्रोल और डीजल पर वेट की दरों में भी 4 नवंबर की अर्ध रात्रि से कमी की है जिसके परिणाम स्वरूप प्रदेश में अब प्रति लीटर पेट्रोल की कीमत लगभग रु 107 तथा डीजल की कीमत लगभग रु 91 हो जायेगी। इस प्रकार पेट्रोल की कीमत में कुल रु12 की तथा डीजल की कीमत में कुल रु 17 की कमी होगी।
दीपावली के मौके पर केंद्र सरकार ने देश की जनता को बड़ा तोहफा दिया है, सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क घटाने का ऐलान किया। पेट्रोल पर 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर की राहत दी गई है। डीजल पर उत्पाद शुल्क की तुलना में पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क दो गुना कम किया गया है। इसका फायदा रबी सीजन में देश के किसानों को मिलेगा। इसके साथ ही सरकार ने राज्य सरकारों से पेट्रोल और डीजल पर वैट कम करने की अपील की है, जिसके बाद मध्य प्रदेश सरकार ने भी पेट्रोल के दाम घटाने का फैसला लिया हैं।
