कोरोना में अनाथ हुए बच्चों के साथ 4 नवंबर को दीपावली मनाएंगे सीएम शिवराज सिंह

भोपाल. सीएम शिवराज सिंह राज्य में कोविड-19 में अनाथ हुए बच्चों के साथ 4 नवंबर को दीपावली मनाएंगे। सीएम ने खुद इस बात की जानकारी दी। प्रदेश में मुख्यमंत्री कोविड बाल सेवा योजना में 1052 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें से 945 आवेदन स्वीकृत किये जाकर 1365 अनाथ बच्चों को लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना में कोरोना काल में अपने माता-पिता को खो देने वाले बच्चों की आर्थिक सहायता के साथ उन्हें निःशुल्क शिक्षा और निःशुल्क राशन दिए जाने का प्रावधान किया गया है।

 मुख्यमंत्री चौहान “मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना” से जुड़े बच्चों के साथ मुख्यमंत्री निवास में भोजन कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं प्रदान कर त्यौहार मनाएंगे। मुख्यमंत्री निवास में दोपहर 12.30 से आरंभ कार्यक्रम में भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा, राजगढ़ और होशंगाबाद जिलों के 50 अनाथ बच्चे सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री चौहान अन्य जिलों के बच्चों को वर्चुअली संबोधित करेंगे।

मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह  ने कहा कि कोविड-19  काल में कई बच्चों ने माता-पिता खो दिए। यह बच्चे हम सबकी, पूरे मध्यप्रदेश की जिम्मेदारी हैं। आपके पड़ोस या परिचय में ऐसे बच्चे हैं, तो यह दीपावली उनके साथ मनाएं। कोविड काल में नियति ने कई बच्चों से माता-पिता छीन लिये। उन्हें वापस तो नहीं ला सकते, लेकिन बच्चों की जिंदगी संवारने, उज्ज्वल भविष्य बनाने के साथ उन्हें खुशियां दे सकते हैं। शिवराज ने कहा कि बच्चों के साथ मेरे सहित पूरा मध्यप्रदेश है। 4 नवंबर को मैं इन बच्चों के साथ दीपावली मनाऊंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *