80 रुपए लेकिन चाबी बनाने वाले ने लॉकर से चोरी किए 8 लाख के गहने
ग्वालियर. गलियों में सरदार के भेष में चाबी बनाने वाले ठगों ने फिर एक वारदात को अंजाम दिया है। इस बार एक महिला वकील के घर में वह अलमारी के लॉकर की चाबी बनाने दाखिल हुए थे। दो चाबी बनाने के सिर्फ 80 रुपए लेकिन आंखों के सामने 8 लाख रुपए के गहने चोरी कर ले गए। वारदात 28 अक्टूबर शाम गोला का मंदिर के गोवर्धन कॉलोनी की है। बुधवार सुबह जब दीपावली पर ननद के गहने निकालने के लिए वकील ने अलमारी खोली तो गहनों का पर्स गायब था। पर्स में करीब 16 तौला सोना था। इसके बाद घटना का खुलासा हुआ। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत गोला का मंदिर थाने में की है। पुलिस ने तत्काल चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। वारदात को सरदार हुलिया में आए दो ठगों ने अंजाम दिया है। शहर में 7 दिन में यह दूसरी वारदात है।
क्या है पूरा मामला
गोला का मंदिर स्थित गोवर्धन कॉलोनी निवासी पूनम पत्नी सत्येन्द्र सिंह पेशे से वकील है। अभी वह जिला न्यायालय में प्रैक्टिस करती है। गहने ठगने की घटना उनके परिवार के साथ हुई है। 28 अक्टूबर की शाम 4 बजे उनके मोहल्ले से दो युवक सरदारों के भेष में चाबी बनाने व पुराने ताले सुधारने की आवाज लगाते हुए निकल रहे थे। उनकी अलमारी का लॉक खराब था। दो लॉक खराब थे। इस पर पूनम के भांजे ने उनसे बात की तो दोनों युवक ने 150 रुपए चाबी बनाने के लिए मांगे। पर भांजे ने 80 रुपए कहे। कुछ बहस के बाद दोनों 80 रुपए में चाबी बनाने के लिए तैयार हो गए। सौदा फायदे का लगा तो पूरा परिवार तैयार हो गया। एक युवक नीचे खड़ा रहा और एक युवक चाबी बनाने के लिए आया। काफी देर तक वह चाबी बनाने का प्रयास करता रहा। वह अलमारी के एक तरफ आधा अलमारी में घुसकर काम करने लगा। कुछ देर के प्रयास के बाद उन्होंने अलमारी का लॉक ठीक किया और 80 रुपए लेकर चले गए।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी तलाशे
बुधवार को पूनम की ननद ने दीपावली पर पहनने के लिए अपना मंगलसूत्र मांगा था। जिसको देने जब पूनम ने अलमारी खोली तो अंदर गहनों वाला पर्स ही नहीं था। उसमें रखे करीब 16 तौला सोना चोरी हो चुका था। मामला समझ में आते ही वह थाने पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने उनकी शिकायत की जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी तलाशे हैं। एक जगह बहुत धुंधली फुटेज मिली है। पुलिस अन्य जगह भी छानबीन कर रही है।
