कश्मीर में आतंकियों की मदद करते थे डीएसपी और स्कूल प्रिंसिपल, सरकार ने दोनों को हटाया
जम्मू कश्मीर. केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन ने आतंकियों के मददगार डीएसपी (जेल) फिरोज अहमद लोन और अनंतनाग के बिजी बेहरा में सरकारी गर्ल्स कॉलेज के प्रिंसिपल जावेद अहमद शाह को नौकरी से हटा दिया है। इन दोनों को कश्मीर में सक्रिय आतंकियों की मदद करने के आरोप में जांच के बाद 311 (2सी) के तहत बर्खास्त किया गया है।
हिजबुल कमांडर रियाज नाइकू से सीधे संपर्क में थे
जानकारी के अनुसार साल 2012 में भर्ती हुए डीएसपी लोन पाकिस्तानी आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से ट्रेनिंग लेने के लिए कश्मीरी युवाओं का माइंडवॉश कर उन्हें सीमापार भेजता था। वह हिजबुल कमांडर रियाज नाइकू से सीधे संपर्क में थे साथ ही आतंकियों के समार्थकों को जेल में उनसे मिलाने और उन्हें सीमापार से आने वाले आतंकियों को पनाह देने के लिए तैयार करने का काम भी कर रहे थे। साल 1989 में टीचर बने जावेद अहमद शाह प्रतिबंधित संगठन हुर्रियत और जमात-ए-इस्लामी के सक्रिय संपर्क में थे। शाह ने साल 2016 में आतंकी बुरहान वानी की मौत के बाद कश्मीरी युवाओं को भड़काकर पत्थरबाज बनाया था। हुर्रियत के कैलेंडर के आधार पर कॉलेज की गतिविधियां चलाते थे और कॉलेज की लड़कियों पर इस्लामी शरिया कानून लागू करते थे।
