ग्वालियर में उपचुनाव की जीत पर भाजपा ने जलाए दीप, बांटी मिठाई

ग्वालियर. मप्र में उपचुनाव के नतीजे आने के बाद ग्वालियर में भाजपा नेताओं ने जश्न मनाया। धनतेरस के मौके पर 4 सीट में से 3 पर जीत से कार्यकर्ता खुश हुए। मंगलवार रात को फूलबाग के पास मुखर्जी पार्क में एकत्रित होकर भाजपाइयों ने दीप जलाए और मिठाइयां बांटी। इस मौके पर शहर जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी ने कहा कि खंडवा लोकसभा, जोबट और पृथ्वीपुर विधानसभा सीट पर जीत का श्रेय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित सभी कार्यकर्ताओं को जाता है। हमारे मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व के कारण ही यह सब हो सका है।

धनतेरस के मौके पर प्रदेश में एक लोकसभा व तीन विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे से पूरे प्रदेश में भाजपा जश्न मना रही है। मनाए भी क्यों न उपचुनाव में चार में से तीन सीट पर भाजपा ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। सिर्फ रैगांव सीट पर कांग्रेस जीत दर्ज कर सकी है। इससे एक बार फिर साबित हो गया कि कांग्रेस से ज्यादा भाजपा के नेतृत्व और संगठन में तालमेल है। भाजपा की उपचुनाव में इस बड़ी जीत का असर ग्वालियर में भी देखने को मिला है। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जीत का जश्न मनाया है। शाम 7 बजे सभी भाजपाई फूलबाग स्थित मुखर्जी पार्क पहुंचे और यहां दीप जलाए और मिठाइयां बांटी गईं। एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *