भारत-पाकिस्तान बॉर्डर की आखिरी चौकी पर पहुंचे गृह मंत्री, जवानों से मिलकर हौसला बढ़ाया

जम्मू-कश्मीर. तीन दिन के दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह रविवार शाम भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर स्थित सुरक्षाबलों की आखिरी चौकी पर पहुंचे। जम्मू के मकवाल में पोस्ट पर पहुंचकर शाह ने जवानों से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान उनके साथ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी मौजूद रहे। मकवाल गांव पहुंचे शाह ने ग्रामीणों से बात की। इस बीच उन्होंने गांव के एक युवक का मोबाइल लेकर उससे अपना नम्बर डायल किया और बाद में उसका नंबर सेव कर लिया।

जम्मू में दो साल के अंदर मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी
अपने दौरे के दूसरे दिन शाह ने जम्मू में रैली को भी संबोधित किया। शाह ने कहा कि आर्टिकल 370 हटने के बाद प्रदेश में विकास का नया सफर शुरू हुआ है। अब यहां किसी को डरने की जरूरत नहीं है। अब जम्मू के लोगों के साथ भेदभाव नहीं होगा। मौसम खराब होने के कारण शाह की रैली का स्थान बदला गया है। अब भगवती नगर की जगह उनकी रैली जम्मू यूनिवर्सिटी के जनरल जोरावर सिंह ऑडिटोरियम में हो रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। हम ऐसी स्थिति बनाने चाहते हैं जिससे एक भी व्यक्ति की जान न जाए। आजादी के बाद पहली बार जम्मू-कश्मीर में पर्यटन के लिए निर्माण कार्य शुरू हुए हैं। जम्मू में दो साल के अंदर मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी। कल हेलिकॉप्टर पॉलिसी की घोषणा हुई। अब जम्मू के हर जिले में हेलिपैड बनाए जाएंगे।

राज्य में 12 हजार करोड़ रुपए का निवेश
शाह ने मोदी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए जम्मू-कश्मीर के 7 हजार लोगों को नौकरी का अपॉइंटमेंट लेटर देने का ऐलान किया। वहीं प्रदेश में 12 हजार करोड़ रुपए का निवेश आने की जानकारी भी दी। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में 7 नए मेडिकल कॉलेज शुरू करने की बात कही। वहीं उज्जवला योजना समेत मोदी सरकार के डेवलपमेंट प्लान का भी जिक्र किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *