भिंड में करवाचौथ की रात बिजली के तारों की चपेट में आकर 3 की मौत, 2 झुलसे
भिंड. करवा चौथ की रात बिजली के तार की चपेट में आकर बैलगाड़ी सवार दंपती और उनकी 6 साल की बेटी की मौत हो गई। दोनों बैल भी मारे गए। दो लोग झुलस गए। तार जमीन से चार फीट ऊंचाई पर झूल रहे थे। घटना ऊमरी इलाके की है। लोहपीटा परिवार बैलगाड़ी से अमर सिंह का पुरा जा रहा था।
ऊमरी पुलिस के मुताबिक थाना नुन्हाटा गांव के नजदीक अमर सिंह का पुरा के पास परिवार बैलगाड़ी से जा रहा था। गृहस्थी का सामान भी साथ था। जमीन से चार फीट ऊंचाई पर बिजली के तारों से टकरा गए। करंट की चपेट में आते ही दोनों बैल जमीन पर गिर गए। बैलगाड़ी हांक रहे श्याम सिंह, उसकी पत्नी चिरैया और छह साल की बेटी की मौके पर मौत हो गई। इसके अलावा गाड़ी पर श्याम सिंह की मां केताबाई (85) और एक रिश्तेदार कप्तान सिंह पुत्र मातादीन सिंह सभी निवासीगण भिंड जिला, दोनों ही गंभीर रूप से करंट से झुलस गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह हादसा रविवार रात करीब आठ बजे का है। जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं अमरसिंह का पुरा गांव के लोग भी मौके पर आ गए। नुन्हाटा, ऊमरी समेत आस पास क्षेत्र में रहने वाले लोहपीटा समाज के लोग मौके पर आ गए। पुलिस ने मृतकों के शवों को पीएम के लिए भिजवा दिया है।