भोपाल में आश्रम-3 की शूटिंग के दौरान प्रकाश झा से झूमाझटकी, टीम को दौड़ा-दौड़ाकर मारा, गाडि़यां तोड़ी
भोपाल. वेब सीरीज आश्रम़-3 की शूटिंग के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने फिल्म निर्माता प्रकाश झा के साथ झूमाझटकी कर दी, उन पर स्याही भी फेंकी गई। शूटिंग पुरानी जेल (अरेरा हिल्स) में चल रही थी। कार्यकर्ताओं ने जेल परिसर के अंदर ही वेब सीरीज की टीम के कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। वैनिटी वैन समेत 5 गाडि़यों में तोड़फोड़ की गई। हमले में 4 से 5 कर्मचारियों को चोटी आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मोके पर पहुंचकर कार्यकार्ताओं को खदेडा। इस पूरे मामले में प्रकाश झा ने पुलिस में शिकायत करने से इनकार कर दिया, वह मीडिया के सामने भी नहीं आए। विरोध करने वाले बजरंग दल के पदाधिकारियों ने झा पर आरोप लगाया कि वह आश्रम-3 वेब सीरीज के जरिए हिंदू धर्म को बदनाम कर रहे है और उन्हें फिल्म का नाम बदलना होगा नहीं तो भोपाल में शूटिंग नहीं होने दी जाएगी। घटना के दौरान वेब सीरीज के एक्टर बॉबी देओल भी मौजूद थे।
क्या है पूरा मामला
रविवार शाम 6 बजे वेब सीरिज आश्रम-3 की पुरानी जेल में शूटिंग चल रही थी। इसी दौरान दो-ढाई सौ की संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जेल परिसर में घुस आए। वह हंगामा करने लगे। बात करने के लिए उन्होंने प्रकाश झा को बुलाया। इसी दौरान उग्र कार्यकर्ताओं ने झा के साथ झूमाझटकी कर दी। उन्हें सुरक्षाकर्मियों ने कार्यकर्ताओं से किसी तरह अलग कराया इसके बाद प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने परिसर में खड़ी वैनिटी वैन, कार, ट्रक में रखे सामान, मशीनरीज में तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया। जब फिल्म टीम के कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। पुलिस मामले में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने की बात कह रही है।
बॉबी, प्रकाश झा से पुलिस अधिकारियों ने की बात
घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल पुरानी जेल पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने बॉबी देओल, प्रकाश झा से मिलकर घटना के बारे में जानकारी ली। हालांकि, झा ने पुलिस से शिकायत करने से इनकार कर दिया। बाद में वे बोले कि देखते हैं। डीआईजी इरशाद वली ने बताया कि अभी झा की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। हंगामा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को हंगामा करने वालों के कुछ नाम पता चले हैं। जल्द ही हिरासत में लिया जाएगा।
