गृहमंत्री अमित शाह आज पाकिस्तान को कड़ा संदेश देंगे, एलओसी पर युवाओं को संबोधित करेंगे
जम्मू कश्मीर. शनिवार को श्रीनगर में गृहमंत्री अमित शाह ने सेना, सीआरपीएफ और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। जम्मू कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा भी इस दौरान मौजूद रहे। जानकारों के अनुसार 5 घंटे तक चली इस बैठक में अमित शाह ने सुरक्षाबलों से आतंकवाद को खत्म करने के लिए कहा है। गृहमंत्री ने इस भरोसे को और बढ़ा दिया कि कश्मीर में अब अशांति फैलाने वालों की खैर नहीं है।
माना जा रहा है कि अमित शाह जम्मू-कश्मीर के विकास और शांति में खलल डालने के लिए जारी प्रायोजित आतंकवाद पर पड़ोसी मुल्क को कड़ा संदेश देंगे हालांकि अमित शाह ने कल ही कश्मीर में आतंक को हराने का प्लान पेश कर दिया और प्लान बिल्कुल साफ है कश्मीर में अब रोजगार होगा, कश्मीर में अब विकास होगा, कश्मीर में अब अमन होगा और शांति में खलल डालने की कोई कोशिश बर्दाशत नहीं होगी ।
गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि कश्मीर का युवा भटका नहीं है वो तरक्की की नई इबारत लिखने के लिए तैयार है। जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 खत्म होने के बाद आतंकियों का बेचैन होना स्वाभाविक है क्योंकि आतंकी जिस बुनियाद पर युवाओं को बरगलाने की साजिश करते थे वो नींव हिल चुकी है। अलगाववाद की दुकान बंद हो रही है और इसीलिए पाकिस्तान भी बेचैन है लेकिन जम्मू-कश्मीर अब आगे बढ़ चुका है विकास के उस सफर में जिसकी राह में आतंक की दीवार रोड़े अटका रही थी।
