रॉक्सीपुल स्थित एसबीआई एटीएम का लूटने का प्रयास, पुलिस की सजगता से टली वारदात, भागे बदमाश
ग्वालियर. त्यौहारों की दस्तक के साथ ही एटीएम तोड़ने, ठगी की घटनायें बढ़ने लगी है। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात शहर के प्रमुख बाजार बाड़ा के पास रॉक्सीपुल पर एसबीआई के एटीएम को बदमाशों ने टारगेट कर लिया है। एटीएम के अन्दर दाखिल होकर मशीन को तोड़ना शुरू कर दिया पर किस्मत से इसी वक्त डायल 100 का यहां से गुजरना हुआ। पुलिस को देखते ही बदमाश भाग खड़े हुए। उन्हें भागता देख पुलिस वहां रूकी और जांच पड़ताल की तो देखा कि बदमाशों ने एटीएम का पहला लॉक तोड़ लिया था। समय रहते बड़ी घटना टल गयी। त्यौहार की वजह से एटीएम में 8 से 10 लाख रूपये होने की संभावना थी। पुलिस ने एटीएम में चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया हे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की भी मांग बैंक से की है।
क्या है पूरा मामला
शहर के रॉक्सी पुल के पास SBI का ATM बूथ है। मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात कंपू DIAL100 में पदस्थ आरक्षक हरीश गौड़, हुकुम सिंह रावत व पायलट राजकुमार सिंह राजपूत ATM को चेक करने पहुंचे तो कुछ युवक पुलिस की गाड़ी की आवाज सुनते ही ATM से भागे। शंका होते ही पुलिस ATM बूथ में पहुंची तो पता चला कि भागने वाले युवक लुटेरे हैं और वह ATM मशीन को तोड़ रहे थे। उन्होंने मशीन का पहला लॉक तोड़ भी लिया था। कुछ देर और पुलिस की टीम वहां नहीं पहुंचती तो बदमाश अपने इरादों में सफल हो जाते। मामले का पता चलते ही पुलिस अफसरों को सूचना दी तो कंपू थाने से उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह के साथ ही गश्त में निकले अन्य अफसर भी मौके पर पहुंच गए। हंगामा होते ही जिस भवन में एटीएम था उसके मालिक संदीप इंगले भी जाग गए थे। उन्होंने बताया कि 10 साल से एटीएम उनके घर में है। पहली बार ही यह वारदात हुई है।
शहर भर में सर्चिंग हाथ नहीं लगे बदमाश
एटीएम घटना के बाद पुलिस ने एटीएम तोड़कर भागे बदमाश की सर्चिंग में रात को ही शुरू कर दी गयी थी। शहर के अन्य बाजारों व इलाकों में छानबीन की लेकिन कोई संदिग्ध हाथ नहीं लगा है।
त्यौहारों के आते ही बढ़ती घटनायें
बदमाश लगातार एटीएम तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, पुलिस भी लगातार घटना को टाल रही है। लेकिन बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आ रहे हैं। पिछले एक माह में एटीएम तोड़कर चोरी की यह तीसरी घटना हैं। कुछ घटनाओं में पुलिस को बदमाशों के फुटेज भी मिले हैं। लेकिन फिर भी वह हाथ नहीं आये हैं। अभी तक पुलिस ने गोला का मंदिर, विश्वविद्यालय और कंपू क्षेत्र में घटनाओं को अंजाम देने का प्रयास किया है। इस संबंध में सीएसपी नागेन्द्रसिंह ने बताया कि पुलिस अलर्ट है। इसलिये यह घटना टल गयी है। बदमाशों ने एटीएम का ऊपरी हिस्सा तोड़ दिया था लेकिन अन्दर का हिस्सा नहीं तोड़ पाये।
