मिलादुन्नवी के जुलूस के बीच घुस जेबों से निकाल रहे थे मोबाइल, पर्स तो पब्लिक ने 6 को दबोचा, भीड़ ने लगाई पिटाई

ग्वालियर. मंगलवार की शाम को जुलूस में उस वक्त हंगामा मच गया जब एक युवक का मोबाइल निकालकर चोर भागा। युवक के शोर मचाते ही अन्य लोग एकत्र हुए और मोबाइल चोर को पकड़ लिया और इसके बाद चोर को मौके पर ही पब्लिक ने धुनाई लगा दी। एक चोर के पकड़े जाने के बाद लोग सतर्क हुए और एक के बाद एक 6 संदेहियों को जेबों पर हाथ साफ करते पकड़ा गया है। सड़क पर ही उनसे मारपीट कर पुलिस के सौंप दिये गये हैं। पुलिस ने सभी संदेहियों को पकड़ कर पडाव थाना पहुंचा दिया है। पुलिस ने सभी से पूछताछ शुरू कर दी है। इनमें से 3 ने तो मौके पर ही चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया है। जबकि मोबाइल और पर्स चोरी कर लगभग 10 से 12 शिकायतें पहुंच चुकी हे।
क्या है पूरा घटनाक्रम
पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब का यौमे विलादत  (जन्मदिन)  जश्ने ईद मिलादुन्नबी मंगलवार को मनाया गया है शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कौमी सद्भावना जुलूस निकाले गए और जलसों के आयोजन किए गए। इस मौके को खास बनाने के लिए मस्जिदों में भी तैयारी की गई थी,  पर सबसे ज्यादा आकर्षक सड़कों पर निकलने वाले जुलूस रहे हैं। कोविड के चलते जुलूस की इजाजत तो नहीं थी,   लेकिन इसके बाद भी जुलूस निकाले गए।

दोपहर में सारे जुलूस फूलबाग मोती मस्जिद पहुंचे और यहां लंगर का कार्यक्रम भी था। भीड़ काफी थी इसलिए बीच में जेबकट भी घुस आए। जब लंगर में गुढ़ा गुढ़ी का नाका निवासी हमीद सेवा कर रहा था। तभी उसकी जेब से किसी ने वीवो कंपनी का मोबाइल पार कर दिया। पर इसी बीच उसके पड़ोस में खड़े एक अन्य युवक ने मोबाइल पार करते देख लिया। तत्काल उसने शोर मचाया। इस पर चोर और उसका साथी मोबाइल लेकर भागे। वहां खड़े युवकों ने पीछा कर एक को पकड़ लिया। पकड़े गए जेबकट की पहचान निहाल निवासी घोसीपुरा के रूप में हुई थी। पब्लिक ने सड़क पर ही उसे पीटा और कपड़े फाड़ दिए। हंगामा होते देख पड़ाव पुलिस वहां पहुंच गई। इसी बीच वहां से कुल 6 लड़के मोबाइल और पर्स चोरी करते हुए पकड़े गए हैं। सभी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पड़ाव थाने पहुंचाया गया है। पकड़े गए निहाल ने चोरी गया मोबाइल दोस्त द्वारा लेकर जाने की बात भी कुबूली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *