किसानों का रेल रोको आंदोलन में अमृतसर में ट्रैक पर बैठे किसान, मुजफ्फरनगर व गाजियाबाद में ट्रेनें रोकी

नई दिल्ली.  लखीमपुर हिंसा के मामले में संयुक्त किसान मोर्चा का आज (सुबह 10 से शाम 6 बजे तक) देश भर में रेल रोको आंदोलन चल रहा है। मोर्चे का कहना है कि लखीमपुर मामले की निष्पक्ष जांच तब तक नहीं हो सकती, जब तक केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र को बर्खास्त नहीं किया जाता। संगठन के नेताओं की मांग है कि मिश्र को मंत्रिमंडल से हटाने के बाद उन्हें गिरफ्तार भी किया जाए। मोर्चा ने लखीमपुर मामले को नरसंहार बताया है। अमृतसर में किसान रेलवे ट्रैक पर ही धरना दे रहे हैं। किसानों के आंदोलन के चलते दिल्ली से रोहतक, पानीपत, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, कैथल, बहादुरगढ़, अंबाला, जालंधर, लुधियाना, चंडीगढ़, अमृतसर, जम्मू, मेरठ, गाजियाबाद, शामली, सहारनपुर, मुरादाबाद समेत कुछ नजदीकी सेक्शंस पर रेल ट्रैफिक पर ज्यादा असर पड़ा है। इन रूट्स पर इससे पहले भी कई बार अलग-अलग जगहों पर किसान रेलवे ट्रैक जाम कर चुके हैं

हरियाणा के रेवाड़ी में रेलवे स्टेशन पर बैठे किसान
रेवाड़ी में किसान दिल्ली-जयपुर हाईवे के जयसिंहपुर खेड़ा बॉर्डर पर 10 महीने से धरना दे रहे हैं। आज किसान राजस्थान की सीमा में अजरका रेलवे स्टेशन पर रेवाड़ी-अलवर रेलवे ट्रैक पर बैठे हैं। किसान रेवाड़ी के रेलवे स्टेशन पर भी विरोध प्रदर्शन करते हुए पहुंचे। वहीं किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए रेवाड़ी स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

रेवाड़ी रेलवे स्टेशन के अलावा बावल समेत कई स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ और रेवाड़ी पुलिस के जवानों को तैनात है। संयुक्त किसान मोर्चा के रेवाड़ी अध्यक्ष कामरेड राजेंद्र सिंह ने बताया कि सभी कार्यकर्ता सुबह 10 बजे से पहले रेवाड़ी की नई अनाज मंडी में एकत्रित हुए। यहां से प्रदर्शन करते हुए रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे, जहां रेवाड़ी-दिल्ली ट्रैक को जाम किया गया।

 रोहतक में 5 जगहों पर पटरियों पर बैठे किसान
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर रोहतक में किसानों ने रेलवे स्टेशन रोहतक, मकड़ौली-जसिया रेलवे फाटक, कलानौर में कॉलेज मोड़ फाटक, लाखनमाजरा स्टेशन और खरावड़ स्टेशन के पास धरना दिया और ट्रेन रोकी। यात्रियों को दिक्कतें न हो, इसके लिए किसानों ने भंडारे की भी व्यवस्था की है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *