आतंकियों ने श्रीनगर में बिहार के हॉकर को व पुलवामा में यूपी के कारपेंटर को गोली मारी

जम्मू-कश्मीर. आतंकियों ने शनिवार को एक बार फिर बाहरी नागरिकों की हत्या कर दी। आतंकियों ने श्रीनगर के ईदगाह इलाके में बिहार के एक हॉकर को गोली मार दी। गंभीर स्थिति में उसे श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारे गए व्यक्ति का नाम अरविंद कुमार साह था। वह बिहार के बांका जिले का रहने वाला था और रेहड़ी लगाकर पानी पुरी बेचता था।

दूसरी घटना में आतंकियों ने शनिवार को ही पुलवामा में सगीर अहमद नाम के शख्स को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। यूपी का रहने वाला सगीर कारपेंटर का काम करता था। पुलवामा के ही काकापोरा में सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर ग्रेनेड हमला भी किया गया। घटना के बाद सुरक्षाबल मौके पर पहुंच गए हैं और इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। कश्मीर में 2 अक्टूबर से अब तक आतंकवादी 8 आम नागरिकों की हत्या कर चुके हैं।

कश्मीर में आतंकियों का टारगेट, 200 गैर मुस्लिमों की हत्या
कश्मीर में आतंकियों के निशाने पर 200 गैर मुसलमान हैं। जम्मू-कश्मीर में कश्मीरी पंडितों और गैर-मुस्लिमों पर हमले करने की बड़ी साजिश पाक अधिकृत कश्मीर में रची जा रही है। इस संबंध में हाल ही में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाक अधिकृत कश्मीर में मौजूद आतंकियों के बीच एक सीक्रेट मीटिंग हुई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि आईएसआई और आतंकी संगठनों के बीच यह गुप्त बैठक 21 सितंबर को हुई थी। भारतीय खुफिया एजेंसियों को आईएसआई और आतंकी संगठनों के बीच हुई गोपनीय बैठक से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *