सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में 2 आतंकियों को मार गिराया
जम्मू कश्मीर. आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का ऑपरेशन लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलवामा में एक बार फिर मुठभेड़ शुरू हो गई है। ये मुठभेड़ पंपोर इलाके में हुई। कश्मीर जोन पुलिस के अनुसार जम्मू कश्मीर के पंपोर के द्रंगबल इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने लश्कर कमांडर उमर मुश्ताक खांड़े को घेर लिया है जबकि दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 2 आतंकियों को मार गिराया है।
अल्पसंख्यकों की हत्या में शामिल रहे दो आतंकवादियों को सुरक्षाबलों के साथ पुलवामा और श्रीनगर जिलों में हुई अलग-अलग मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि हाल में एक केमिस्ट (बिंदरू) और दो शिक्षकों (सुपिंदर कौल और दीपक चंद) की हत्या में शामिल दो आतंकवादियों शाहिद और तनजील को अलग-अलग मुठभेड़ में मार गिराया गया। सुरक्षा बलों को पुलवामा के वाहीबाग इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी और इसके बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान चलाया। एनकाउंटर के दौरान आतंकी मार गिराया गया।
