ग्वालियर हाईवे पर बाइक सवार दंपती को डंपर ने रौंदा, हुई मौत, हाईवे पर लोगों ने लगाया जाम, हजारों वाहन फंसे रहे, पुलिस ने 40 से 50 लोगों पर एफआईआर दर्ज की
ग्वालियर. ग्वालियर बायपास पर देर रात हुए सड़क हादसे के बाद जाम लग गया, रातभर पुलिस जाम को खुलवाने में व्यस्त रही। जानकारी के अनुसार खेत से लौट रहे किसान दंपती को तेज रफ्तार डंपर ने रौंद डाला जिससे किसान की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल है। घटना से आक्रोशित किसानों ने हंगामा खड़ा कर दिया। बेहटा के पास हाईवे को जाम कर दिया। गांव के लोग कलेक्टर को स्पॉट पर बुलाने पर अड़े रहे। करीब 3 घंटे हाईवे बंद रहा और दूर-दूर तक लंबी लाइन लग गई। किसी तरह पुलिस अफसरों ने स्थिति को संभाला। किसान तो हट गए लेकिन जाम नहीं खुला। जल्दी निकलने के चक्कर में वाहन चालकों ने यहां-वहां वाहन घुसेड़ दिए। इसी बीच सिरोल के पास एक कंटेनर हाई पर खराब हो गया उसके बाद तो स्थिति इतनी खराब हो गई कि रातभर हाईवे पर जाम रहा और वाहन फंसे रहे। पुलिस ने जाम लगाने वालों 40 से 50 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
यह है पूरी घटना
महाराजपुरा के बेहटा गांव निवासी 50 वर्षीय प्रेम नारायण पुत्र होलेराम किसान है। शाम को वह पत्नी अंगूरी बाई के साथ खेत से काम करने के बाद वापस घर लौट रहा था। अभी वह बाइक से बेहटा गांव रोड हाईवे पर था, तभी खुरैरी की ओर से आए डंपर नंबर एमपी07 जीए-7491 के चालक ने रफ्तार पर नियंत्रण खोते हुए उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। डंपर पहिए के नीचे बाइक सवार दंपती को रौंदता हुआ निकल गया। हादसे में प्रेम नारायण की मौके पर ही मौत हो गई। अंगूरी देवी गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें परिजन ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां हालत बेहद ही नाजुक बताई जा रही है। घटना से बौखलाए गांव के लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया। ग्वालियर बायपास पर शव को रखकर जाम लगा दिया। झांसी, आगरा और इटावा की ओर से आने वाले वाहनों को रोक दिया। पुलिस अफसरों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। गांव के लोग कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े हुए थे। जबकि पुलिस ने तहसीलदार को बुलाया था। करीब 3 घंटे बाद गांव के लोग माने और स्थिति पर पुलिस ने नियंत्रण पाया। पर इस दौरान हाईवे पर लंबा जाम लग गया। इस मामले में पुलिस ने डंपर चालक पर मामला दर्ज किया है। साथ ही हाईवे पर जाम का कारण बने 40 से 50 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर दी है।
