छत्तीसगढ़ में जुलूस पर चढ़ायी कार से एक की मौत और 26 घायल, दुर्गा विसर्जन के लिये जा रहे थे

जशपुर. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक तेज रफ्तार कार ने धार्मिक जुलूस में शामिल लोगों को कुचल दिया। जशपुर के पत्थलगांव में लगभग 150 लोग जुलूस की शक्ल में दुर्गा विर्सजन के लिये जा रहे थे, कार की टक्कर से 1 व्यक्ति की घटनास्थल पर मौत हो गयी। जबकि 26 लोग घायल हो गये, घायलों में 4 की हालत गंभीर हैं। कार में गांजा भरा हुआ था और तस्कर इसे ओडिशा से मध्यप्रदेश के सिंगरौली ले जा रहे थे, घटना के बाद लोगों ने कार में आग लगा दी।

जुलूस में लोगों को टक्कर मारने वाली कार को आग के हवाले कर दिया।
घटना के बाद लोगों ने पीछा कर कार के ड्रायवर को 5 किमी दूर सुखरापारा से पकड़ा और इसके बाद गुस्साये लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की। लोगों ने टक्कर मारने वाली कार को भी फूंक दिया और पुलिस ने बड़ी मुश्किल से आरोपी की भीड़ से छुड़ाया। उसे भीड़ से बचाते हुए पुलिस रायगढ़ जिले के कापू थाना लेकर चली गयी। लोगों के गुस्से को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस तैनात कर दी गयी है। इस मामले में 2 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पत्थलगांव में शुक्रवार की दोपहर लगभग 1.32 बजे यह हादसा हुआ । उस समय लोग 7 दुर्गा पण्डालों की मूर्तियों को विसर्जित के लिये नदी तट पर ले जा रहे थे। तभी बाजार के बीच पीछे से आई कार ने जुलूस में शामिल लोगों को कुचल दिया। कार की टक्कर से गौरव अग्रवाल 21, नाम के युवक की मौत घटनास्थल पर हो गयी। जबकि बैण्ड बजा रहे 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।

लोगों को कुचलने वाली कार के ड्राइवर को भी गुस्साए लोगों ने जमकर पीटा।

पत्थलगांव थाने के एक ASI को सस्पेंड किया गया
लोगों ने एक ASI पर गांजा तस्करी कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी इस ASI के साथ मिलकर ही गांजा तस्करी करने की फिराक में था। इसलिए हम ASI के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग करते हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इसके बाद पत्थलगांव थाने के ASI निलंबित कर दिया गया है।​​​​​​

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *