मुंबई में 125 करोड़ की हेरोइन बरामद, डीआईआई ने पोर्ट पर छापा मारकर पकड़ा

मुंबई. राजस्व खुफिया निदेशालय की टीम ने मुंबई पोर्ट पर छापा मारा है। यहां एक कंटेनर से 25 किलो हेरोइन बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 125 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस मामले में अभी तक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। डीआरआई की मुंबई यूनिट ने पोर्ट पर छापेमारी के बाद नवी मुंबई के 62 साल के कारोबारी जयेश सांघवी को गिरफ्तार किया है। सांघवी पर आरोप है कि वे ईरान से मूंगफली के तेल की एक खेप में हेरोइन को छिपाकर मुंबई लाए थे। डीआरआई के एक अधिकारी ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर नवी मुंबई के न्हावा शेवा में ईरान से आए एक कंटेनर को पकड़ा गया और इसकी तलाशी में हेरोइन बरामद हुई है।

कंटेनर मंगवाने वाले को भी दिया धोखा
डीआरआई के अधिकारी ने बताया कि यह कंटेनर वैभव एंटरप्राइजेज के संदीप ठक्कर ने इम्पोर्ट किया था, जिनका मस्जिद बंदर में ऑफिस है। डीआरआई की टीम ने उनसे भी पूछताछ की है। ठक्कर ने डीआरआई को बताया कि सांघवी ने उन्हें अपनी फर्म के आईईसी पर ईरान से सामान इम्पोर्ट करने के लिए 10,000 रुपए प्रति खेप का ऑफर दिया था। वे 15 साल से सांघवी के साथ कारोबार कर रहे थे, इसलिए उन्होंने उन पर भरोसा किया।

डीआरआई की कस्टडी में है आरोपी
डीआरआई ने सांघवी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गुरुवार को उसे मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 11 अक्टूबर तक डीआरआई हिरासत में भेज दिया है। सांघवी की गिरफ्तारी के बाद अब डीआरआई की टीम आज सुबह से मुंबई पोर्ट पर मौजूद कुछ दूसरे कंटेनर्स की भी तलाशी ले रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *