ग्वालियर में निर्माणाधीन बिल्डिंग से पैर फिसलकर 7वें माले नीचे गिरा युवक, सिर धड़ से अलग

ग्वालियर. अलकापुरी में प्रधानमंत्री आवास की निर्माणाधीन बिल्डिंग के 7वें माले से गिरकर मजदूर की मौत हो गई। वह इतनी तेजी से गिरा कि शरीर के दो टुकड़े हो गए। उसका सिर धड़ से अलग हो गया। वह लिफ्ट पर चढ़कर काम कर रहा था। बिल्डिंग के ठेकेदार ने मृतक के परिजन और पुलिस को सूचना दिए बिना घटना स्थल से शव को उठाकर दूसरी गाड़ी में रखवा दिया। जब परिजन को घटना का पता लगा और वह आए। शव नहीं मिला, तो उन्होंने हंगामा कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटना स्थल से करीब 500 मीटर दूर अन्य बिल्डिंग के पास से बरामद कर लिया है।

क्या है पूरा मामला
विश्वविद्यालय क्षेत्र के अलकापुरी स्थित पहाड़ी पर प्रधानमंत्री आवास योजना की बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। बिल्डिंग पर छतरपुर से आए मजदूर काम कर रहे हैं। वह दिन भर यहां काम करते हैं। पास ही झोंपड़े में रहते हैं। इस बिल्डिंग पर देवी सिंह उर्फ बाबू आदिवासी मजदूरी करता है। पास ही उसका परिवार रहता है। रविवार दोपहर देवी सिंह बिल्डिंग के 7वें माले पर काम कर रहा था। वह छत ढलाई के लिए लगाई जाने वाली अस्थाई लोहे की लिफ्ट के फ्रेम पर चढ़ा था। इसी समय उसका पैर फिसल गया। वह नीचे जमीन पर आकर गिरा। गिरते ही तेज धमाके की आवाज हुई। देवीसिंह का सिर धड़ से अलग हो गया। हादसे को देखते ही ठेकेदार ने पुलिस और परिजन को सूचना दिए बगैर ही तत्काल शव को वहां से उठवाकर 500 मीटर दूर बिल्डिंग के पास गाड़ी में रखवा दिया। जब परिजन को घटना स्थल पर शव नहीं मिला, तो उन्होंने हंगामा कर दिया। एक घंटे बाद हादसे की सूचना पुलिस को दी। पूछताछ के बाद चला कि शव दूसरी निर्माणाधीन बिल्डिंग पर रखा है। जहां से पुलिस ने उसके शव को बरामद किया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है। छतरपुर निवासी बालकिशन भी उसी बिल्डिंग में काम कर रहा था। उसका कहना है कि उसने यह तो नहीं देखा कि वह कहां से गिरा, लेकिन जब लोग भागते दिखे तो उसने बाहर की तरफ देखा तो नीचे बाबू सिंह का शव पड़ा था। हादसा कैसे हुआ यह उसे नहीं पता है।

जांच करेंगे शव स्पॉट से किसने हटाया- पुलिस
मामले में स्पॉट पर पहुंचे सहायक उपनिरीक्षक राजवीर सिंह का कहना है कि बिल्डिंग के सातवें माले से गिरकर मजदूर की मौत हुई है। शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है। स्पॉट से शव दूसरी जगह कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *