ईओडब्ल्यू जबलपुर का भोपाल में सहारा मुख्यालय पर छापा, निवेशकों के कागजात जब्त करने पहुंची टीम

भोपाल. राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) जबलपुर की टीम ने सोमवार को भोपाल में सहारा इंडिया के मुख्यालय पर छापा मारा। सहारा के खिलाफ दर्ज 3 मामलों में निवेशकों के दस्तावेज जब्त करने पहुंची। इससे करीब 11 दिन पहले टीम ने जबलपुर और कटनी समेत तीन जगहों पर दबिश दी थी। अब तक 25 हजार से अधिक निवेशकों के 250 करोड़ रुपए फंसे होने की जानकारी मिली है। तय समय के बाद भी भुगतान नहीं होने के कारण एफआईआर की गईं हैं।

ईओडब्ल्यू टीआई एसएस धामी ने बताया कि जबलपुर में दर्ज धोखाधड़ी के मामलों की जांच के लिए सोमवार सुबह टीम भोपाल पहुंची। भोपाल के एमपी नगर में सहारा का मुख्यालय है। मामले से जुड़े निवेशकों में से कुछ के दस्तावेज भोपाल मुख्यालय भेज दिए गए थे। उन्हीं के दस्तावेज जब्त करने टीम भोपाल आई है। मुख्यालय में संबंधित निवेशकों के दस्तावेज जब्ती की कार्रवाई की जा रही है। यहां अन्य कोई कार्रवाई अभी नहीं की जाना है।

जबलपुर में सुब्रत राय को बनाया गया आरोपी
ईओडब्ल्यू अधिकारियों के मुताबिक जबलपुर में पहली बार सहारा प्रमुख सुब्रत राय के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जबलपुर सहित अन्य जिलों में निवेशकों द्वारा करोड़ों रुपए जमा किए थे कि मैच्योरिटी टाइम पूरी होने पर ब्याज सहित रुपए मिलेंगे। अन्य निवेशकों की शिकायत को भी जांच में शामिल किया गया है। ये संख्या 25 हजार तक पहुंच चुकी है।

इन शिकायतों पर दर्ज हुई थी एफआईआर
सहारा इंडिया कंपनी की गोरखपुर शाखा में कुल 12 निवेशकों ने 19.68 लाख रुपए जमा किए थे। परिपक्वता अवधि समाप्त होने के बाद भी उन्हें पैसे नहीं दिए जा रहे हैं। मामले में ईओडब्ल्यू ने स्थानीय शाखा प्रबंधन, एजेंट आदि सहित सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय को धोखाधड़ी व अमानत में खयानत सहित विभिन्न धाराओं में आरोपी बनाया है।

सहारा इंडिया की शाखा रांझी में कुल 16 निवेशकों ने 16.42 लाख रुपए जमा किए थे। इन निवेशकों को भी अब बैंक की ओर से पैसे नहीं दिए जा रहे हैं। यहां भी सुब्रत रॉय सहित सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

सहारा इंडिया की कटनी शाखा में कुल 4 निवेशकों ने 2.24 लाख रुपए जमा किए थे। इन निवेशकों को भी परिपक्वता अवधि समाप्त होने के बावजूद पैसे नहीं दिए जा रहे थे। यहां सुब्रत रॉय सहित 5 नामजद व अन्य को आरोपी बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *