अफसर दफ्तरों में मौज कर रहे, मंत्री प्रद्युम्न ने नाले में उतरकर सफाई की

ग्वालियर. नगर निगम के अफसर और कर्मचारी किस तरह शहर में काम कर रहे है शनिवार को प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह ने इसकी पोल खोल दी। उन्होंने एक बार फिर यह बता दिया कि अफसरों को शहर में गंदगी, खराब सड़कें, टूटे चेंबर देखने तक की फुर्सत नहीं है। ये अफसर फाइलों से निकलना ही नहीं चाहते हैं। यही कारण है कि मंत्री को एक बार फिर नाले में उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा है। नगर निगम के अधिकारियों को हाईकोर्ट भी कई बार तलाड़ लगा चुका है लेकिन जिम्मेदारी तय नहीं होने से हालात बदतर ही हो रहे हैं। शहर के वार्ड-1 में जब मंत्री पहुंचे तो कचरे से भरा नाला जाम था। यह देखकर मंत्री ने अपने हाथ की आस्तीन चढ़ाई और उतर गए नाले में। वहां उन्होंने सफाई कर नगर निगम कें अफसरों को आइना दिखाया इसके बाद भी अफसरों पर कोई एक्शन किसी ने नहीं लिया।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शनिवार शाम को शहर के वार्ड-1 का भ्रमण करने और यहां को लोगों की समस्याओं को जानने के लिए निकले थे। जब वह पहुंचे तो वार्ड में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए थे, साथ ही नाला चौक होने पर वहां गंदगी और बीमारी फैलने का खतरा था। इतनी गंदगी देखकर वह खुद को रोक नहीं सके। ऊर्जा मंत्री ने नगर निगम के अफसरों को फोन पर फटकार लगाई। इसके बाद फावडा मांगा और स्वयं ही नाले की सफाई के लिए उतर गए। नाला साफ करते हुए बोले इस काम में बडी लापरवाही है। इस प्रकार अगर क्षेत्र में नगर निगम के अफसर व कर्मचारी कार्य करेंगे तो किसी को बख्शा नही जाएगा। उन्होंने समस्याओं को देखा और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र में समस्याओं का निराकरण समय-सीमा में किया जाए। अगर आपके पास कोई समस्या आती है तो उसका निराकरण प्राथमिकता से किया जाए। कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *