उपचुनाव में शिवराज ने संभाला भाजपा का मोर्चा

भोपाल. मध्य प्रदेश में होने वाले उपचुनाव की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है, लेकिन उपचुनाव वाले क्षेत्र में भाजपा ने चुनावी बिगुल बजा दिया है। भाजपा और कांग्रेस से चेहरे तो शिवराज सिंह चौहान और कमल नाथ ही होंगे, लेकिन फिलहाल शिवराज ने चारों सीट पर दूसरे दौर का प्रचार अभियान प्रारंभ कर दिया है। कमल नाथ अब तक सक्रिय नहीं हो पाए हैं। भाजपा जहां ‘शिवराज सरकार, भरोसा बरकरार’ के भरोसे एक के बाद एक जन सभाएं कर नई-नई घोषणाएं कर रही है, वहीं कांग्रेस कमल नाथ सरकार के 15 महीनों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को आरक्षण का टि्वटर पर प्रचार तक खुद को सीमित किए हुए है।

लोकसभा की खंडवा और विधानसभा की तीन सीट जोबट, पृथ्वीपुर और रैगांव में उपचुनाव होना है। इनमें जीत-हार से सत्ता की सेहत पर फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन भाजपा के मिशन 2023 से पहले प्रदेश में संदेश गलत न जाए इसलिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश प्रभारी और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव पी. मुरलीधर राव और राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश जैसे दिग्गज चुनावी तैयारियों पर नजर रख रहे हैं। सारे मंत्रियों को चुनावी तैयारियों की जिम्मेदारी दे दी गई है। राशन कार्ड से लेकर बिजली बिल और अन्य जनसमस्याओं की समीक्षा करने का निर्देश मंत्रियों को दिया गया है।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी मंत्रियों को बुलाकर दो टूक निर्देश दिए कि 27 से सात अक्टूबर तक चलने वाले सुराज अभियान में जनता के बीच जाएं और उनकी हर समस्या को हल करें। भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल कहते हैं कि केंद्र की मोदी सरकार प्रदेश की शिवराज सरकार की उपलब्धियों के आधार पर भाजपा चुनाव लड़ेगी। भाजपा हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहती है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री (मीडिया) केके मिश्रा कहते हैं कि भाजपा भयभीत है, इसलिए बिना चुनाव घोषित हुए जनदर्शन जैसे आयोजन कर रही है। पर इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। जनता समझदार है, वह सब जानती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *