मप्र में कोरोना विस्फोट, 24 घंटे में 36 नए केस

भोपाल. मध्यप्रदेश में कोरोना विस्फोट हुआ है। बीते 24 घंटे में 36 नए केस सामने आए हैं इनमें अकेले इंदौर के 32 केस शामिल हैं। इंदौर जिले के महू कैंट एरिया में 30 और शहर में 2 संक्रमित मिले हैं। महू में मिलने वाले सभी संक्रमित सैनिक बताए जा रहे हैं और बाहर से ट्रेनिंग लेकर लौटे थे। वहीं, भोपाल में 3 और बालाघाट में 1 संक्रमित मिला है। स्वास्थ्य विभाग की मानें तो कोरोना से 1 मौत भी हुई है। अब मध्यप्रदेश में 121 एक्टिव केस हो गए हैं। लंबे समय बाद इतने केस मिलने से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप की स्थिति बन गई है।

मध्यप्रदेश में 24 घंटे में 8 मरीज रिकवर होकर लौटे, लेकिन इनसे लगभग 5 गुना नए संक्रमित मिल गए हैं। इंदौर में एक दिन पहले 5 संक्रमित मिले थे, लेकिन 24 घंटे के भीतर 32 नए संक्रमित मिल गए। अब यहां एक्टिव मरीजों की संख्या 53 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मिलिट्री हॉस्पिटल महू पहुंची है और संक्रमितों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रही है। इंदौर में करीब 3 महीने बाद इतनी बड़ी संख्या में नए संक्रमित मिले हैं।

भोपाल में 16 हुए एक्टिव केस
इधर राजधानी भोपाल में एक्टिव केस 16 हो गए हैं। पिछले 24 घंटे में 3 संक्रमित मिले, जबकि 2 ठीक हुए हैं। यहां किसी की भी कोरोना से मौत नहीं हुई है।गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आज मध्यप्रदेश में 36 नए केस सामने आए हैं। इनमें 30 केस आर्मी कैंप के है, जो महू में है। सैनिक राजस्थान से लौटकर आए थे। इन्हें छोड़ दें तो प्रदेश में 6 केस नए आए हैं। जवानों को महू में ही कैंप बनाकर रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *