तीन दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन भोज के आयोजन में सिंधिया वन टू वन कार्यकर्ताओं से मिले

ग्वालियर. तीन दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन शुक्रवार को नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करने के लिए बंधन वाटिका में स्नेह भोज दिया। भोज में सिंधिया ने सांसद विवेक नारायण शेजवलकर व जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी के साथ एक-एक कार्यकर्ता के पास जाकर मुलाकात की। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं से उनका हालचाल पूछा। सिंधिया ने भाजपा नेताओं काे नाम लेकर संबोधित किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह यादव से बोले-आप तो संचालन भी अच्छा करते हैं। सिंधिया के भोज के बाद रविवार को केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मंदाकिनी गार्डन (एमएच चौराहा मुरार) में आत्मीय मुलाकात एवं सहभोज का आयोजन किया है। इस भोज का आयोजन सामाजिक व्यापारिक वैचारिक मंच द्वारा किया गया है।

भोज में सम्मलित हुए पार्टी कार्यकर्ताओं व वरिष्ठ नेताओं से ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सांसद के साथ उनकी कुर्सी पर जाकर मुलाकात की। सबसे पहले सिंधिया पार्टी की नारी शक्ति से मिले। पहली पंक्ति में पूर्व जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा के पास पहुंचे। उनसे पूछा कि और देवेश कैसे हो इसके बाद साड़ा के पूर्व अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह के पास पहुंचे। जयसिंह से पूछा कैसे हो भाई। परिवार में सब कुशल से तो हैं घर पर भी बताना- मैंने उनका हालचाल पूछा है। इसके बाद पूर्व विधायक रामबरन सिंह गुर्जर के पास पहुंचे उनसे कहा और कैसे हो, और तुम कहां बैठे थे। आशीष प्रताप सिंह राठौर का अभिवादन स्वीकार कर आगे बढ़ गए। सांसद व जिलाध्यक्ष ने पार्टी के कार्यकर्ताओ व नेताओं से सिंधिया का परिचय कराया। पार्टी में उनके पास रहे दायित्वों व विशेषताओं को जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *