Latestराज्य

ग्वालियर के जंगल में 3 टुकड़ों में मिला शव, अलग-अलग पॉलीथिन में बंद किया और बोरे में पैक कर फेंका

ग्वालियर. घाटीगांव स्थित सिमरिया के जंगलों में टुकड़ों में अज्ञात युवक की लाश मिली है। शव एक बोरी में बंद है। शरीर को 3 हिस्सों में काटकर अलग-अलग पॉलीथिन में पैक कर यहां डाल दिया है। पुलिस ने शव के टुकड़ों को समेटकर पड़ताल शुरू की है। पहले तो पुलिस इसमें ही उलझी रही कि शव युवक का है या युवती का। शनिवार दोपहर पोस्टमॉर्टम हाउस पर डॉक्टरों ने शव किसी 30 से 35 साल के युवक का बताया है। पुलिस ने बताया कि हत्या बेरहमी से की गई है। घटनास्थल पर न तो ब्लड मिला है और न ही कोई सबूत है। हत्या कहीं और की गई है। पुलिस टुकड़ों को जोड़कर शिनाख्त के प्रयास कर रही है।

यह है पूरा मामला
शुक्रवार शाम सिमरिया के जंगल में एक बोरा लावारिस हालत में पड़ा था। बोरे से बदबू आने पर लोगों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। जैसे ही बोरा खोला तो पुलिस कर्मियों के पसीने छूट गए, क्योंकि बोरे के अंदर तीन प्लास्टिक की पॉलीथिन थीं। पॉलीथिन में लाश को काटकर अलग-अलग टुकड़ों में रखा गया था। पता चलते ही पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव को भी बुला लिया।

बेरहमी से काटकर हत्या, अवैध संबंध का संदेह
जिस तरह से हत्या की गई है, उससे साफ है कि हत्या करने वाला या वाले मृतक से नफरत करते थे। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि हत्या का कारण अवैध संबंध हो सकता है। ऐसी ही रंजिश में इस तरह हत्या के मामले पहले भी सामने आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *