मप्र ने वैक्सीनेशन में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा, रात 9 बजे तक 22.97 लाख को लगे टीके

भोपाल. मध्यप्रदेश में वैक्सीनेशन महाअभियान के दूसरे चरण में प्रदेश ने वैक्सीनेशन का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। अभियान के पहले दिन रात 9 बजे तक 22 लाख 97 हजार 577 लोगों को टीका लगा। इससे पहले 21 जून को प्रदेश में 17 लाख 44 हजार 657 लोगों को वैक्सीन लगी थी।

बुधवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा उज्जैन में 1 लाख 24 हजार 761 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। दूसरे नंबर पर इंदौर शहर है। यहां 1 लाख 17 हजार 407 लोगों को टीका लगा है। देवास ने भोपाल को भी पीछे छोड़ दिया है। भोपाल में 72 हजार 217 को टीका लगा है, जबकि देवास में 78 हजार 852 ने टीका लगाया है। प्रदेश में सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन शिवपुरी में 179 प्रतिशत हुआ है। यहां पर 40 हजार टीके लगाने के लक्ष्य रखा था, जबकि 71 हजार 654 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। 32 जिलों में 101 प्रतिशत से ज्यादा वैक्सीनेशन रिकॉर्ड किया गया है। शिवपुरी के अलावा मंदसौर में 175 प्रतिशत, सिवनी में 159 प्रतिशत, गुना में 147 प्रतिशत, मुरैना में 139 प्रतिशत, बड़वानी में 134 प्रतिशत, सागर में 132 प्रतिशत वैक्सीनेशन हुआ।

प्रदेश में दो दिवसीय महाअभियान की बुधवार से शुरुआत हुई है। पहले दिन प्रदेश में 20 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन ऑनलाइन और ऑनसाइट दोनों तरह से टीका लगाया जा रहा है। इसके साथ ही इस बार वैक्सीन लगवाने वालों के हाथों पर पहले और दूसरे डोज का स्टैम्प भी लगाया जा रहा है। इसमें पहले डोज में एक और दूसरे डोज में दो राइट के निशान भी बने हैं।

लोगों को प्रेरित करने के लिए आपदा प्रबंधन समूहों, स्वयं सेवी संस्थाओं, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, साथिया कार्यकर्ताओं एवं सार्थक पोर्टल पर रजिस्टर्ड वालेंटियर को एक से पांच लोगों को वैक्सीन सेंटर पर लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *