कांग्रेस का ट्विटर अकाउंट लॉक-हम नहीं डरेंगे, इससे पहले राहुल सहित 6 बड़े नेताओं के अकाउंट लॉक
नई दिल्ली. कांग्रेस ने दावा किया है कि पार्टी का ऑफिशियल ट्विटर हैण्डल लॉक कर दिया गया है। इंडियन नेशनल कांग्रेस ने फेसबुक पर लिखा, जब हमारे नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया। हम तब नहीं डरे तो अब ट्विटर अकाउंट बन्द करने से क्या खाक डरेंगे। हम कांग्रेस हैं, जनता का संदेश है, हम लडेंगे, लड़ते रहेंगे। अगर बलात्कार पीडि़त बच्ची को न्याय दिलाने के लिये आवाज उठाना अपराध है, तो यह अपराध हम सौ बार करेंगे। जय हिन्द…..सत्यमेच जयते।
इससे पहले कांग्रेस ने शनिवार को दावा किया था कि राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड किया गया है। हालांकि, बाद में कहा कि यह लॉक किया गया था। बाद में बुधवार रात कांग्रेस ने उसके पांच और सीनियर लीडर्स के ट्विटर अकाउंट लॉक किए जाने का दावा किया। इनमें पार्टी महासचिव और पूर्व मंत्री अजय माकन, लोकसभा में पार्टी के व्हिप मणिकम टैगोर, असम प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव शामिल हैं।
रेप पीडि़ता परिवार से मुलाकात के फोटो ट्विटर पर किये थे शेयर
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कुछ दिनों पहले दिल्ली कैंट रेप पीडि़ता के परिवार से मुलाकात की फोटो ट्विटर पर शेयर किये थे। इस पर माइक्रो ब्लॉगिंग साइट का कहना था कि यह उसके नियमों का उल्लघंन है। ट्विटर ने राहुल के उस ट्वीट को भी हटा दिया था।
अन्याय के खिलाफ जारी रहेगी लड़ाई
आज सुबह कांग्रेस के कम्युनिकेशन इंचार्ज सेक्रेटरी प्रणव झा ने पीएम मोदी, आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव और ट्विटर चीफ जैक डोर्सी को टैग करते हुए ट्विट किया है। उन्होंने कहा है कि पार्टी ने अपना विरोध दर्ज कराया है और सभी तरह के अन्याय के खिलाफ लड़ाई जारी रखने का वायदा भी किया है।
