प्रभारी मंत्री शुक्रवार को अतिवर्षा से प्रभावित लोगों से मिलने मोहना पहुँचे

ग्वालियर जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट शुक्रवार को अतिवर्षा से प्रभावित लोगों से मिलने मोहना पहुँचे। उन्होंने प्रभावितों को आश्वस्त किया है कि संकट की घड़ी में पूरी सरकार आपके साथ है। सभी प्रभावितों को खाद्यान्न के साथ-साथ अन्य सुविधायें भी मुहैया कराई जाऐंगीं। बरसात के कारण जो समस्यायें सामने आई हैं उनके निराकरण के लिये सरकार कटिबद्ध है। उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण कौशल शर्मा, सीईओ जिला पंचायत किशोर कान्याल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने नागरिकों से यह भी कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गत दिवस स्वयं ग्वालियर जिले के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर अतिवर्षा के कारण क्षेत्र में हुए नुकसान का अवलोकन किया और प्रभावितों से मुलाकात भी की। उन्होंने आस्वस्त किया है प्रभारी मंत्री ने नागरिकों से कहा कि सरकार द्वारा हर पीड़ित परिवार को 50 किलो खाद्यान्न तत्परता से उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही सड़क, बिजली, पेयजल की व्यवस्था भी हो यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है। अतिवर्षा के कारण विभिन्न सड़कें जो खराब हुई हैं उनके सुधार के लिये भी शीघ्र कार्य प्रारंभ किए जायेंगे। बरसात के दौरान हुई हानि के आंकलन के पश्चात ही पुन: उसे ठीक करने के लिये भी सरकार ठोस कदम उठायेगी। मोहना में जेसीबी एवं अन्य मशीनें पहुँचीं और उन्होंने कार्य प्रारंभ कर दिया है। सड़क सुधार के साथ ही अन्य कार्यों को तेजी से करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मोहना में पीड़ित परिवार के निवास पर पहुँचे प्रभारी मंत्री 
अतिवर्षा के कारण पार्वती नदी में आए अधिक पानी से मोहना के पास टूटे हाईवे पुल पर कार सहित हेमंत शिवहरे उम्र 26 वर्ष और मोनू राठौर उम्र 25 वर्ष 3 अगस्त की देर रात पानी में बह गए थे। प्रभारी मंत्री शुक्रवार को मोहना में उनके निवास स्थान पर पहुँचे और पीड़ित परिजन को सांत्वना दी। उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण कौशल शर्मा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। पीड़ित परिजनों से घटना के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में हम सब आपके साथ खड़े हैं। पीड़ित परिवार को इस दु:खद घड़ी को सहन करने की शक्ति ईश्वर प्रदान करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *