अटल सागर (मड़ीखेड़ा डैम) का आकस्मिक निरीक्षण, बरसात के दौरान बांध पर सतत निगरानी रखें – जल संसाधन मंत्री
ग्वालियर जल संसाधन, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास मंत्री एवं ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट शिवपुरी जिले के अटल सागर मड़ीखेड़ा डैम पहुँचे और डैम का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों से चर्चा की । बरसात के दौरान बांध पर सतत निगरानी रखने के अधिकारियों को निर्देश दिए ।
जल संसाधन मंत्री शुक्रवार को ग्वालियर से शिवपुरी जिले के अटल सागर मड़ीखेड़ा डैम पहुँचे। डैम पर प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री सुरेश धाकड़, पूर्व विधायक करैरा जसवंत जाटव, जिला अध्यक्ष भाजपा शिवपुरी राजू बाथम, ग्वालियर भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष कौशल शर्मा, ग्वालियर के सीईओ जिला पंचायत किशोर कान्याल सहित शिवपुरी जिले के प्रशासनिक अधिकारी एवं जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता सीएल गर्ग, अधीक्षण यंत्री बीडी रतमेले एवं कार्यपालन यंत्री एसके अग्रवाल उपस्थित थे।
विभागीय अधिकारियों से डैम की क्षमता और अब तक छोड़े गए पानी के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बरसात के दौरान डैम पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए। इसके साथ ही डैम से जो पानी छोड़ा जा रहा है उससे जो गांव प्रभावित होते हैं उन पर भी निगरानी रखी जाए।
