बाइक सवार मुनीम को तीन बदमाशों ने रोक सीने पर कट्टा अड़ाकर बाइक, 10 हजार रुपए, मोबाइल लूट ले गए, घेराबंदी की तो गाड़ी छोड़कर भागे

ग्वालियर. वसूली कर लौट रहे पानी फैक्ट्री के मुनीम के साथ बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। तीन बदमाश अचानक बाइक के सामने आ गए। मुनीम कुछ समझ पाता उससे पहले ही सीने पर कट्‌टा अड़ा दिया। इसके बाद मारपीट कर बाइक, 10 हजार रुपए और मोबाइल लूट ले गए। वारदात बिजौली के सुपावली रोड पर रात 11 बजे की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी की तो कुछ ही दूरी पर बदमाश लूटी गई बाइक छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है।

उपनगर मुरार के बंशीपुरा निवासी भूपेन्द्र सिंह कुशवाह (25) पुत्र सीताराम कुशवाह जलालपुर स्थित अमर कलश पानी की फैक्ट्री में मुनीम है। गुरुवार को वह वसूली के लिए निकला था और रात के समय वह चितौरा गांव से 10 हजार रुपए की वसूली कर वापस आ रहा था। अभी वह सुपावली मोड़ पर पहुंचा तो उसे रास्ते में बाइक पर तीन युवक बैठे दिखे। जैसे ही वह आगे पहुंचा तो बाइक सवार सड़क पर आ गए और उसे बाइक रोकने का इशारा किया। उसने बाइक रोकी तो एक बदमाश ने उस पर कट्टा तान दिया। इसके बाद दो बदमाश उसके पास आए और उसकी तलाशी लेने लगे। जब उसने विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी मारपीट कर जेब से 10 हजार रुपए के साथ ही मोबाइल छीन लिया। मारपीट से बचने के लिए भूपेन्द्र ने एक बदमाश जो कट्टा ताने युवक की तरफ खड़ा था उसे धक्का दे दिया। इसके बाद खेतों में दौड़ लगाई और दौड़ता हुआ बेरजा गांव तक पहुंचा और लोगों से मदद लेकर पुलिस और परिजन को घटना की सूचना दी।

वारदात का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों के भागने के रूट पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर में पुलिस से बदमाशों का सामना हुआ। पुलिस को देख बदमाश लूटी गई बाइक छोड़कर भाग गए हैं। थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि पुलिस ने बाइक को निगरानी में लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *