एमपी बोर्ड 12वीं का रिजल्ट जारी, असंतुष्ट छात्रों के लिए परीक्षा सितंबर में होगी
भोपाल. मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल के 12वीं बोर्ड के नतीजे आ गए है. जिसे शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने जारी किया है. 12वीं में 52 फीसदी फर्स्ट और 40 फीसदी सेकेंड डिवीजन से पास हुए हैं, जबकि 7 फीसदी थर्ड डिवीजन से पास हुए. एक भी छात्र के फेल ना होने से 100 फीसदी रिजल्ट रहा. एमपीबीएससी 12वीं के परिणाम में साइंस स्ट्रीम के छात्राओं ने बाजी मारी हैं. आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 2,02,180 छात्रों ने साइंस स्ट्रीम में फर्स्ट डिवीजन प्राप्त किया है. जबकि आर्ट्स में 64206 और कॉमर्स में 54,613 छात्रों को फर्स्ट डिवीजन मिला है.
एक या सभी विषयों की परीक्षा दे सकते हैं
स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि असंतुष्ट छात्रों के लिए परीक्षा सितंबर में होगी, छात्र परीक्षा के लिए 1 अगस्त से 10 अगस्त के बीच इस रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं. एक विषय या सभी विषयों में छात्र शामिल हो सकते हैं.
10वीं आधार पर नंबर
बता दें कि कक्षा 10वीं के पांच सबसे अच्छे परफॉर्मेंस वाले सब्जेक्ट के आधार पर ही 12वीं का रिजल्ट तैयार किया गया है. इस बार फैसला किया गया है कि जिस छात्र ने चाहे वह प्राइवेट हो या रेगुलर फॉर्म भरा है, उसे फेल नहीं करेंगे. लेकिन बोर्ड टॉपर या मेरिट लिस्ट जारी नहीं करेगा.
