सिंधिया की जबलपुर को बड़ी सौगात, 8 नई फ्लाइट होगी शुरू, मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद का सफर होगा आसान
भोपाल. नागरिक उड्डयन मंत्री बनने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश को एक और नई सौगात दी है. अब प्रदेश की संस्कारधानी यानि जबलपुर से आठ नई विमान सेवाएं शुरू की जा रही हैं. जिसे जबलपुर के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है. इस बात की जानकारी खुद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट करके दी है. नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट करते हुए लिखा कि जबलपुर के लिए एक खास सौगात जबलपुर से प्रतिदिन 8 नयी विमान सेवाएं शुरू की जा रही है । सिंधिया ने लिखा कि 20-28 अगस्त के बीच शुरू होने जा रही ये सेवाएं जबलपुर में विकास की गति को नयी ऊंचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण साबित होंगी. खास बात यह है यह सभी फ्लाइट जबलपुर से उड़ान भरेगी. अब जबलपुर से मुंबई, दिल्ली, इंदौर और हैदराबाद के लिए सीधी फ्लाइट मिलेगी जिससे लोगों का सफर आसान होगा.
ऐसा रहेगा फ्लाइट का रूट
मुंबई -जबलपुर -मुंबई
दिल्ली -जबलपुर-दिल्ली
इंदौर -जबलपुर -इंदौर
हैदराबाद -जबलपुर -हैदराबाद
खास बात यह है कि अब जबलपुर से इंदौर के लिए भी फ्लाइट शुरू हो गई है. इंडिगो की यह फ्लाइट 28 अगस्त से शुरू होगी. यह फ्लाइट इंदौर से हर दिन सुबह 7:45 मिनट पर रवाना होगी. सुबह 9:20 पर जबलपुर पहुंचेगी. जबकि जबलपुर से दोपहर 3:05 बजे पर उड़ान भरकर शाम 4:40 बजे इंदौर पहुंचेगी. यानि अब जबलपुर से इंदौर की दूरी नापना बेहद आसान होगा. बता दें इससे पहले सिंधिया ने ग्वालियर से 8 नई फ्लाइटों की शुरूआत की थी.
