सावन के पहले सोमवार को हुई झमाझम बारिश
ग्वालियर. सोमवार को सावन के पहले सोमवार पर झमाझम वर्षा हुई है। शाम को 6 बजे से रात 9 बजे के बीच 3 घंटे में 55.5 एमएम वर्षा दर्ज की गयी है। पूरे जिले में पानी गिरा है। वर्षा से उमस भरे मौसम से लोगों को राहत मिली है। इस वर्षा के साथ शहर में अभी तक कुल वर्षा 2.17 एमएम हो गयी है। मौसम विभाग की माने तो सोमवार के बाद मंगल को अच्छी वर्षा होने की संभावना है। शहरवासियों में सोमवार को हुई वर्षा का जमकर आनंद लिया है और साथ ही किसानों के भी चेहरे इससे खिल उठे पर इस वर्षा से तिघरा में पानी नहीं बढ़ा है। क्योंकि कैचमेंट एरिया में पानी नहीं गिरा है तिघरा डैम का जलस्तर 718.85 फीट बना हुआ हैं।
मानसून ने 19 जून को दी थी दस्तक
ग्वालियर में मानसून ने 19 जून को दस्तक दी थी और मानसून सूखा और रूखा आया था। तभी से ग्वालियर अचंल में भीषण गर्मी पड़ रही है। लगातार तेज धूप से पारा 40 से 44 डिग्री सैल्सियस के आसपास तक बना हुआ था। सोमवार को भी सुबह से तेज धूप थी, पर दोपहर के बाद बादलों ने मौन तोड़ा है। लग रहा है कि मानसून अब आया हे। सोमवार की दोपहर बाद बादल छाये जो शाम 6 बजे झमाझम वर्षा में बदल गये। यही वजह है कि मौसम में ठण्डक आ गयी है। दिन का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सैल्सियस व न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
दिन भर ऐसी रही पारे की चाल
| समय | तापमान |
| सुबह 5.30 बजे | 28.4 |
| सुबह 8.30 बजे | 29.6 |
| दोपहर 11.30 बजे | 32.8 |
| दोपहर 2.30 बजे | 35.4 |
| शाम 5.30 बजे | 35.0 |
(नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में)

