चंबल प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार, कंपनी जल्द अफसरों के सामने देगी प्रेजेंटेशन

ग्वालियर. शहर की दीर्घकालिक पेयजल आपूर्ति के लिए बनाए गए चंबल प्रोजेक्ट की डीपीआर लगभग तैयार हो चुकी है। डीपीआर बनाने वाली एजिस कंसल्टेंसी जल्द ही इसे नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा और निगम प्रशासक आशीष सक्सेना को दिखाएगी उनके संतुष्ट होने के बाद इस डीपीआर को मंत्री व अन्य अधिकारियों को दिखाया जाएगा।
डीपीआर तैयार होने के बाद जल्द ही इसके टेंडर जारी होंगे इसके बाद पानी की लाइन को बिछाने का कार्य किया जाएगा। मुरैना के अतरसोंवा ग्राम से मोतीझाील तक लगभग साढ़े 37 किलोमीटर लंबी माइल्ड स्टील पाइप लाईन डाली जाएगी। इससे शहर को 90 एमएलडी पानी मिलेगा। इस प्रोजेक्ट से जल संसाधन विभाग के एक प्रोजेक्ट को भी जोड़ने का प्लान तैयार किया जा रहा है। जल संसाधन विभाग द्वारा श्यामपुर कूनों-सायफन पर प्रस्तावित डेम से पगारा होते हुए मुरैना जिले के कोतवाल डेम तक पानी आएगा। इस पानी को छोंदा के समीप से चंबल प्रोजेक्ट के तहत डाली जाने वाली पाइप लाइन से जोड़कर ग्वालियर की पेयजल आपूर्ति की जा सकेगी। जल संसाधन विभाग के प्रोजेक्ट से आगे चलकर ग्वालियर को पर्याप्त पानी मिल सकेगा। इन दोनों प्रोजेक्टों के पूरा होने के बाद ग्वालियर में पानी की कमी नहीं रहेगी क्योंकि कूनों नदी अंचल में एकमात्र ऐसी नदी है जिसमें केवल गर्मियों के मौसम के दो माह तक पानी की कमी रहती है इसके बाद कूनों नदी लगातार बहती रहती है। इस डेम के बन जाने के बाद ग्वालियर सहित अपर ककैटो, ककैटो, पेहसारी आदि बांधों से सिंचाई के पानी की व्यवस्था हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *