LatestNewsअंतरराष्ट्रीयराज्यराष्ट्रीय

मप्र में उपचुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा व कांग्रेस

भोपाल. प्रदेश में नंदकुमार सिंह के निधन की वजह से खंडवा लोकसभा और विधायकों के निधन से पृथ्वीपुर, जोबट और रैगांव (अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित) सीट रिक्त है। कोरोना संकट को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने खंडवा लोकसभा का उपचुनाव टाल दिया था। स्थितियां नियंत्रण में आने के बाद अब फिर से उपचुनाव की तैयारियां प्रारंभ हो गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने चुनाव क्षेत्र से संबंधित जिलों के कलेक्टरों को पत्र लिखकर 3 साल से भी अधिक समय से एक स्थान पर पदस्थ अधिकारियों को हटाने के लिए कहा है। मतदाता सूची, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मश्ीन से लेकर अन्य तैयारियां भी हो चुकी है।
उधर भाजपा और कांग्रेस संगठन ने भी तैयारियां तेज कर दी है, सीएम शिवराज सिंह खंडवा लोकसभा अंतर्गत आने वाले बुरहानपुर का दौरा कर चुके है। 31 जुलाई को उनका निवाड़ी जाना प्रस्तावित है वहीं मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य गोपाल भार्गव को निवाड़ी का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। वे भी दो दिन के दौरे पर वहां पहुंच रहे है। इस दौरान वे संगठन पदाधिकारियों के अलावा अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि भार्गव के दौरे से उपचुनाव की तैयारियों की शुरूआत हो जाएगी।
वहीं कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर ने शनिवार को संगठन के समन्वयकों की बैठक करके उपचुनाव की तैयारी में संगठनों को सक्रिय करने के निर्देश दिए है। जिला प्रभारियों से मतदान केंद्रवार जानकारी मांगी गई है और संभावित प्रत्याशियों को लेकर कार्यकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ सोमवार से गुरूवार तक संगठन पदाधिकारियों और वरिष्ठ विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान उपचुनाव को लेकर भी रणनीति बनाई जाएगी और जल्द ही कमलनाथ के प्रदेशव्यापी दौरे भी प्रारंभ होंगे इसकी शुरूआत चुनाव क्षेत्र वाले जिलों से हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *