विदिशा में कुआं हादसा 24 घंटे के बाद रेस्क्यू खत्म, मलबे में दबे 11 लोगों के शव निकाले, रेस्क्यू टीम के 5 सदस्य घायल
गंजबासौदा. मप्र में विदिशा जिले के गंजबासौदा में 24 घंटे बाद रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म हो गया, टीम ने कुएं के मलबे में दबे सभी 11 लोगों के शव बाहर निकाल लिए, हादसे के वक्त करीब 31 लोग कुंए के मलबे में दब गए थे इसमें से 20 लोगों की जान बच गई और इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुएं में सबसे पहले गिरे 10 साल के बच्चे रवि का शव सबसे आखिरी में मिला जिसे बचाने की कोशिश में यह हादसा हुआ था। हादसे में एक पिता-पुत्र समेत 11 लोगों की मौत हुई है।
वजन बढ़ने से कुएं का एक हिस्सा धंसा
बता दें कि यह हादसा गुरूवार शाम करीब 6.30 बजे हुआ, यहां रवि पानी भरते समय कुंए में गिर गया उसे बचाने के लिए कुएं पर लोगों की भीड़ इकटठा हो गई। वजन बढ़ने से कुएं का एक हिस्सा धंस गया इसके साथ ही करीब 30 लोग मलबे समेत कुएं में गिर गए। रात 10 बजे एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीमें पहुंची थी। एडीजीपी साईं मनोहर ने 11 शव निकाले जाने की पुष्टि की है। 20 अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। रेस्क्यू के दौरान घटनास्थल पर मंत्री और अफसरों का जमावड़ा देखकर रवि की मां का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने हाथ फेलाते हुए कहा जब मेरा बच्चा गिरा तब कहां थे, मेरा एक ही बेटा है।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान लोगों का गुस्सा देख पुलिस ने घटनास्थल के आसपास एक किलोमीटर का एरिया सील कर दिया था। इधर कुएं में जमीन से आने वाले पानी का फ्लो काफी तेज था इसलिए लगातार इंजन चलने के बाद भी यह खाली नहीं हो पा रहा था इस वजह से रेस्क्यू में दिक्कत आ रही थी।
रेस्क्यू टीम के पांच सदस्य घायल
भोपाल में एनडीआरएफ को सवा 9 बजे सूचना मिली थी इसके बाद टीम गंजबासौदा रवाना हुई, हादसे के दौरान रेस्क्यू कर रहे एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के 5 सदस्य घायल हुए थे। ट्रैक्टर के मलबा में गिर जाने से दो लोग घायल हो गए थे। इसके अलावा रेस्क्यू के तीन सदस्य घायल हुए। घायल लक्ष्मी नारायण, रमेश, मोहन, गोलू और शशिधर घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
