जलगांव के जंगलों में क्रैश हुआ हेलीकॉप्टर, पायलट की मौत, ट्रेनी महिला पायलट घायल, उड्डयन मंत्री सिंधिया ने जांच के आदेश दिए
मुंबई. महाराष्ट्र के जलगांव में एविएशन एकेडमी का एक एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। ये हादसा वर्दी शिवारा के पास चोपड़ा तालुका के जंगलों में शाम 4 बजे हुआ जिसमें फ्लाइट इंस्ट्रक्टर की मौत हो गई है जबकि एक महिला ट्रेनी पायलट गंभीर रूप से घायल हो गई है।
आदिवासियों ने महिला पायलट को बचाया
जानकारी के अनुसार एयरक्राफ्ट क्रैश होने के बाद सबसे पहले स्थानीय आदिवासी घटनास्थल पर पहुंचे, उन्होंने ही घायल ट्रेनी महिला पायलट अंशिका गुर्जर को एयरक्राफ्ट के मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया साथ ही दम तोड़ चुके फ्लाइट इंस्ट्रक्टर के शव को भी एयरक्राफ्ट से निकाला। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद दमकल की टीम और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने जांच के आदेश दिए
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्विट कर हादसे की जानकारी देते हुए कहा कि एनएमआईएमएस एकेडमी ऑफ एविएशन, महाराष्ट्र से संबंधित एक प्रशिक्षण विमान के दुखद दुर्घटना के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। मौके पर जांच टीम भेजी जा रही है एक दूसरे ट्विट में नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि दुर्भाग्य से हमने फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को खो दिया और महिला ट्रेनी पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना और महिला ट्रेनी पायलट के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना।
