कोरोना कम होने के बाद जिला एवं सत्र न्यायालय व कुटुंब न्यायालय में सुनवाई शुरू हो गई है
ग्वालियर. कोरोना संक्रमण कम होने के बाद 94 दिन बाद जिला एवं सत्र न्यायालय व कुटुंब न्यायालय में सुनवाई शुरू हो गई है। अब हर तरह के केस सुने जाएंे। केसों की सुनवाई पर बंदिश नहीं है लेकिन जो केस न्यायालय में सुने जाएंगे उनकी एक दिन पहले सूची जारी होगी। कोर्ट में आने वालों को कोरोना के नियमों का पालन करना होगा।
शहर में कोरोना संक्रमण बढ़ने के बाद 10 अप्रैल से जिला न्यायालय, कुटुंब न्यायालय में सुनवाई बंद हो गई थी। दूसरी लहर में न्ययाधीश सहित कर्मचारी बड़ी संख्या में संक्रमित हुए थे। न्यायालय बंद होने के बाद रिमांड कार्य को संपादित करने के लिए चार जज बिठाए गए थे। जून में संक्रमण घटने पर सभी जजों ने बैठना शुरू कर दिया लेकिन जरूरी केस ही सुने जा रहे थे। इस दौरान 5 साल पुराने केस सुने गए। गवाही व पेशी बंद थी, वकील व पक्षकारों को न्यायालय खुलने का लंबे समय से इंतजार था। हाई कोर्ट ने जिला न्यायालयों को अधिकार दे दिए थे कि जिले में संक्रमण की समीक्षा करें और कोर्ट खोलने पर खुद फेसला ले सकते है जिसके बाद न्यायालय खुल गए। अब हर तरह के केस सुने जाएंगे और गवाही व पेशी भी शुरू हो गई है।
कुटुंब न्यायालय के खुलने का भी था इंतजार
पक्षकार कुटुंब न्यायालय खुलने के इंतजार में थे क्योंकि कोविड कर्फ्यू के दौरान पतियों ने पत्नियों को भरण पोषण देना बंद कर दिया था और किसी को तलाक लेकर दूसरा विवाह करना था तो किसी को भरण पोषण के नए केस लगाने थे।
