बैठक में भिड़े मंत्री यशोधरा राजे व मंत्री अरविंद भदौरिया, हुआ विवाद, यशोधरा बोलीं ठाकुर मुझे आंखें मत दिखाओ
भोपाल. मध्यप्रदेश में शिवराज के मंत्रियों में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है, उनके बीच विवाद सामने आ रहे है। इसी राज्य में आने वाले तीन विधानसभा और एक लोकसभा सीट के उपचुनाव को लेकर बुलाई गई प्रभारी मंत्रियों की हाई-लेवल मीटिंग में खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया और सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया के बीच जमकर बहस हुई। यशोधरा को कहना पड़ा कि ठाकुर आंखें मत दिखाओ, तुम बदतमीजी कर रहे हो। इस पर भदौरिया ने भी पलटवार किया। हालात ऐसे हो गए थे कि यशोधरा उठकर कैबिनेट हॉल से बाहर चली गईं और जब लौटीं तो चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग को बीच-बचाव करना पड़ा।
विवाद की शुरूआत मंत्री विजय शाह के पहनावे के ढंग को लेकर हुई
जानकारी के अनुसार मंत्री विजय शाह के पहनावे को लेकर विवाद की शुरूआत हुई। बता दें कि मंत्री शाह के कुर्ता-पायजामा पहनने के तरीके से यशोधरा नाराज हो गईं, जब यशोधरा और भदौरिया के बीच बहस हो रही थी उस वक्त मुख्यमंत्री शिवराज सिंह वहां नहीं थे। वे घटनाक्रम के करीब 15 मिनट बाद वहां पहुंचे तब तक स्थिति शांत हो गई थी। बैठक में प्रभारी मंत्रियों को अलग-अलग जवाबदारी देने पर बात हुई। मंत्रियों में कमल पटेल, विजय शाह, रामखेलावन पटेल, प्रेम सिंह पटेल, उषा ठाकुर समेत अन्य मंत्री मैजूद रहे।
शुरूआत यहां से हुई
विजय शाह ने कुर्सी पर बैठते समय कुर्ता झटकारा, इससे पायजामा और कुर्ता बेढंगा हो गया।
यशोधरा (विजय के ठीक पीछे बैठीं थीं)- ये क्या तरीका है, शाह जी, पीछे महिलाएं भी बैठीं है, उषा ठाकुर भी बैठी हैं।
विजय शाह- जी जी।
अरविंद भदौरिया- विजय जी आप देखा करो, वो महाराजा है और आप राजा हो?
यशोधरा- आपको क्या बीच में बोलने की आदत है, उस दिन रेत के मसले पर भी बीच में बोल रहे थे।
भदौरिया- आप बोलने से नहीं रोक सकती मैं भी तो अपनी बात रखूंगा, आप सीएम तो हैं नहीं।
यशोधरा (गुस्से में)- ठाकुर, आंखें मत दिखाओ, तुम मुझसे बदतमीसी कर रहे हो।
भदौरिया (तेज आवाज में)- मैं सिर्फ अपनी बात कह रहा हूं और ये मेरा हक है।
विश्वास- आप सब शांत हो जाइए, यह सब ठीक नहीं लगता, फिर यशोधरा कैबिनेट बैठक कक्ष से बाहर निकल गईं।
विश्वास- आप दोनों कुछ नहीं बोलेंगे, बैठक शुरू करिए, करीब पांच मिनट तक सब खामोश रहे।
