कमजोर वर्गो को जल्द न्याय मिले-सचिन अतुलकर
ग्वालियर ‘‘कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता’’ विषय पर रेंज स्तरीय दो दिवसीय सेमीनार का आयोजन किया गया। इस सेमीनार का शुभारंभ प्रातः 11 बजे प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक, चम्बल जोन सचिन अतुलकर द्वारा किया गया। तद्उपरांत पुलिस अधीक्षक, अजाक, चम्बल रेंज राम सोहवन रावत द्वारा कार्यक्रम प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक चम्बल जोन के मुख्य अतिथि सचिन अतुलकर व विशिष्ठ अतिथि एएसपी शहर-मध्य श्रीमती हितिका वासल एवं अति0 जिला अभियोजन अधिकारी अनिल मिश्रा का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि आईजी चम्बल ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील रवैया रखते हुए उनसे संबंधित शिकायतों का शीघ्रता से निराकरण किया जाना चाहिए। विवेचक को रिपोर्ट दर्ज करते समय अपने आप को पीडि़त के स्थान पर रखकर रिपोर्ट दर्ज करनी चाहिए और एससी/एसटी तथा महिला संबंधी प्रकरणों की विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। सेमीनार में एएसपी शहर-मध्य श्रीमती हितिका वासल ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि पीडि़तों की सहानुभूति पूर्वक बात सुनी जाकर रिपोर्ट दर्ज की जाना चाहिए तथा एससीएसटी के प्रकरणों की विवेचना निर्धारित अवधि में पूर्ण कर चालान पेश किया जाना चाहिए, जिससे पीडि़त पक्ष को समयसीमा में न्याय व सहायता राशि मिल सके।
