जेएएच में डॉक्टर व अटेंडेंट में पार्किंग को लेकर बहस व झूमाझटकी
ग्वालियर. जयारोग्य चिकित्सालय में कार पार्किंग को लेकर एक महिला डॉक्टर और महिला अटेंडेंट में बहस और झूमाझटकी हो गई। दोनों एक दूसरे पर हाथ छोड़ने का प्रयास किया पर आसपास खड़े लोगों ने बीच बचाव करा दिया। हंगामा की सूचना मिलते ही जेएएच पुलिस चौकी से पुलिस बल वहां पहुंच गया। दोनों पक्षों को समझाया। इस झगड़े में अभी किसी भी पक्ष ने मामले की शिकायत चौकी या थाना पर नहीं की है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार जयारोग्य अस्पताल के पीएसएम (प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन) विभाग में पदस्थ डॉ. रिचा की शनिवार को ओपीडी थी। वह जेएएच पहुंची और कार को डॉक्टर्स पार्किंग में लगाकर ओपीडी के लिए चली गई। इसी बीच ओपीडी में एक मरीज को दिखाने कार से आए लोगों ने डॉक्टर की कार के पीछे ही अपनी कार खड़ी कर दी। डॉ रिचा जब ओपीडी से बाहर आई और अपनी कार निकाल रही थी तो उनकी कार अटेंडेंट की कार से टच हो गई। इस बात को लेकर अटेंडेंट महिला वहां पहुंच गई। डॉक्टर ने उन्हें समझाया कि यह पार्किंग डॉक्टर्स की है और किसी भी कार के पीछे गाड़ी खड़ी नहीं करनी चाहिए। इस पर कार के साथ खड़ी महिला की उनसे कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों में झूमाझटकी हो गई।
महिला डॉक्टर और अटेंडेंट को झगड़ते देख वहां अन्य डॉक्टर पहुंच गए और उन्होंने पुलिस को सूचना कर दी। झगड़े की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी महेंद्र प्रजापति वहां पहुंच गए। पुलिस के आने के बाद मामला शांत हुआ। महेंद्र प्रजापति ने बताया कि अभी तक दोनों पक्षों में से किसी ने इस मामले की लिखित शिकायत नहीं की है फिर भी पुलिस ओपीडी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवा रही है। कोई शिकायत आती है तो आगे कार्रवाई की जाएगी।
