होटल में बनता था ब्रांडेड कंपनियों के नकली शैंपू, 7 गिरफ्तार
जबलपुर. नकली खाद, घी, मसाले के बाद नकली शैंपू बनाने का मामला सामने आया है। यहां के एक होटल में डव, सनसिल्क, क्लीनिक प्लस, हेड एंड सोल्डर और पैंटीन कंपनी का नकली शैंपू बन रहा था। आरोपी दिल्ली से केमिकल मंगाते थे और उसमें नमक, रंग मिलाकर नकली शैंपू तैयार करते थे। इसे ब्रांडेड कंपनियों के खाली डिब्बों में पैक कर देते थे फिर गली-मोहल्ले में सस्ते में नकली शैंप को 40 प्रतिशत तक डिस्काउंट बेचते थे। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ओमती पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ब्रांडेड कंपनियों के शैंपू बनाए जा रहे है। पुलिस ने नया मोहल्ला में मोहम्मदी गेट के पास संचालित होटल सैफी पैलेस में दबिश दी। पुलिस ने नकली शैंपू बनाते टेढ़ी बगिया इस्लाम नगर आगरा निवासी इम्तियाज अली, सोनू मलिक, शाहगंज आगरा निवासी मोहम्मद आमनी, मोहम्मद जाकिर, टेढ़ी बगिया निवासी अरमान खान, अरफात खान और इकबाल मोहम्मद को गिरफ्तार किया।
ऐसे बनाते थे नकली शैंपू
दिल्ली के चांदनी चौक से ट्रेन से केन में केमिकल भरकर मंगवाते थे ये पानी जैसा रहता है फिर इसमें सेलम का पाउडर, शैंपू बनाने का केमिकल, नमक और रंग का इस्तेमाल कर ब्रांडेट कंपनियों से मिलता-जुलता शैंपू तैयार करते थे जिसके बाद इसे गली-मोहल्ले में 30 से 40 प्रतिशत डिस्काउंट में बेच देते थे।
होटल से ये जब्त हुआ
ओमती पुलिस ने मौके पर शैंपू बनाने की सामग्री, केमिकल, नमक, रंग, सेलम का पाउडर, पानी, विभिन्न कंपनियों के शैंपू के खाली व भरे हुए बोतल जब्त किए। सातों आरोपी पिछले कुछ दिनों से होटल में ठहरे थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। सातों आगरा से आकर जबलपुर में रूके थे। होटल संचालक द्वारा भी इसकी सूचना थाने में नहीं दी गई थी, अब इस पर भी कार्रवाई हो सकती है।

