Latestअंतरराष्ट्रीयराज्यराष्ट्रीय

कोविड-19 को हराने का एक मात्र शस्त्र टीकाकरण है – ज्योतिरादित्य सिंधिया

ग्वालियर वैश्विक महामारी कोविड-19 को हराने का एक मात्र शस्त्र टीकाकरण है। इसे स्वयं भी लगवाएं और अधिक से अधिक लोगों को टीकाकरण कराने हेतु प्रेरित करें। पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कोरोना टीकाकरण महाअभियान के शुभारंभ अवसर पर यह बात कही। सोमवार को ग्वालियर में हजीरा अस्पताल, जिला अस्पताल मुरार तथा प्रसूति गृह लक्ष्मीगंज पहुँचकर टीकाकरण अभियान का श्रीगणेश कराया।
लोगों को प्रेरित करने हजीरा, मुरार व लक्ष्मीगंज अस्पताल पहुँचे श्री सिंधिया
राज्यसभा सांसद ने कहा कि कोविड महामारी हमारे सामने आएगी, ऐसा हमने सोचा भी नहीं था। कोविड संक्रमण की पहली एवं दूसरी लहर में अपनी जान की परवाह किए बिना कोरोना योद्धाओं ने जो अनुकरणीय कार्य किया है, उसके लिये उनकी जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम है। चिकित्सक, पैरामेडीकल स्टाफ, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम के अमले ने कोविड के दौरान अपनी सर्वश्रेष्ठ सेवायें देकर यह सिद्ध किया है कि जब भी कोई विपदा आयेगी तो हम सब एकजुट होकर उसका सामना करेंगे और उसे परास्त भी करेंगे।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि ग्वालियर में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। एक हजार बिस्तर का निर्माण, 500 बिस्तर के नवीन अस्पताल का निर्माण करने के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी एक आधुनिक अस्पताल लाने के प्रयास जारी हैं। इसके साथ ही डबरा, भितरवार, मोहना में भी स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है कि हजीरा अस्पताल और मुरार अस्पताल के उन्नयन की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले समय में ग्वालियर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाया जायेगा। स्वास्थ्य सुविधायें बेहतर होने से ग्वालियर के निवासियों को इलाज के लिये दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि कोविड के संक्रमण के दौर में केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा ग्वालियर के लिये जो प्रयास किए गए हैं उसके लिये प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति ग्वालियर आभार व्यक्त करता है। संकट के समय सभी लोगों ने ग्वालियर को स्वास्थ्य सुविधाओं की दृष्टि से जो भी आवश्यकता थी उसकी तत्परता से पूर्ति की। इसी का परिणाम है कि हम संक्रमण पर काफी हद तक काबू पा सके । उन्होंने कहा कि ग्वालियर में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। आने वाले दिनों में न केवल ग्वालियर में बल्कि डबरा, भितरवार, घाटीगांव में भी ऑक्सीजन बैड एवं अन्य आवश्यक उपकरण की उपलब्धता होगी।
राज्यसभा सांसद  ने दिलाया संकल्प
राज्यसभा सांसद जयोतिरादित्य सिंधिया ने हजीरा अस्पताल, मुरार जिला अस्पताल और लक्ष्मीगंज प्रसूति गृह में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को कोविड से बचाव का संकल्प दिलाया। श्री सिंधिया ने संकल्प का वाचन किया, जिसका सभी लोगों ने अनुसरण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *