कश्मीर के सोपोर में देर रात सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में कमांडर मुदस्सिर सहित 3 आतंकी ढेर किए
जम्मू कश्मीर. सोपोर में बीती रात हुए एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियो को मार गिराया। तीनों दहशतगर्द आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से ताल्लुक रखते थे। पुलिस और सीआरपीएफ टीम पर हुए हमले में शामिल मुदस्सिर पंडित को भी मुठभेड़ में मार गिराया है। 12 जून को सोपोर में हुए इस आतंकी हमले में 3 पुलिसकर्मी और 2 आम नागरिक की मौत हुई थी।
सोपोर में हमले का बदला लिया
आईजी विजय कुमार ने बताया कि सोपोर हमले में शामिल मुदस्सिर पुलिस पार्टी पर हमला करने के अलावा कई अन्य आतंकी गतिविधियों मं भी शामिल था। पुलिस के अनुसार गुंड ब्रथ इलाके में ये एनकाउंटर पूरी रात चला और अब इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
12 जून को सोपोर में ही पुलिस और सीआरपीएफ की ज्वाइंट टीम पर आरामपुरा के एक नाके पर हमला हुआ था। इस हमले में तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए वहीं 2 अन्य पुलिसकर्मी घायल भी हो गए। इसके अलावा 2 आम नागरिकों की भी इस आतंकी हमले में मौत हो गई थी।
3 दिन पहले पुलिसकर्मी की हत्या
इससे पहले गुरूवार को भी आतंकियों ने गोली मारकर एक पुलिसकर्मी की हत्या कर दी थी। जिस वक्त ये वारदात हुई उस समय जवान ड्यूटी पर नहीं था। श्रीनगर के ईदगाह इलाके के सैदपोरा मोहल्ले में आतंकियों ने कांस्टेबल जावेद अहमद को उनके घर के पास गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उन्हें पास के शौरा स्थित एसकेआईएमएस अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

